परीक्षार्थी बदलकर नीट पास करने के बाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला हासिल करने वाले केवी उदय सूर्या और उसके पिता की न्यायिक हिरासत हासिल करने के दूसरे दिन तमिलनाडु की सीबी-सीआईडी ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें तीन छात्र शामिल हैं। इनपर आरोप है कि इन्होंने नीट एग्जाम में अपनी तरफ से किसी और को परीक्षा लिखने के लिए भेजा था।
उच्च न्यायालय के कहे अनुसार मामला दिन प्रतिदिन गंभीर होता जा रहा है। पुलिस की एक विशेष टीम ने मामले के प्रमुख एजेंट माने जाने वाले व्यक्ति जॉर्ज जोसेफ को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। कथित आरोपी तिरुवनंतपुरम में एक कोचिंग सेंटर चलाता है।
सीबी-सीआईडी ने जिन छात्रों को गिरफ्तार किया वह अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस प्रथाम वर्ष के छात्र हैं। यह सभी चेन्नई के आस-पास के मेडिकल कॉलेजों में पढ़ते हैं। जानकारी के अनुसार उदित के स्थान पर किसी और छात्र ने नीट की परीक्षा दी थी। जिसके कारण उसे तेनी मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिल गया।
तेनी मेडिकल कॉलेज ने नीट के प्रवेश पत्र और दाखिला अनुमति पत्र में अलग-अलग तस्वीर देखने के बाद मामला दर्ज कराया था। सूत्रों के अनुसार इस रैकेट के बहुत बड़े पैमाने पर फैले होने के आसार हैं। पुलिस को फिलहाल दो और दलालों की तलाश है। जिसके बाद इसमें बड़ा खुलासा हो सकता है।