पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल के बाहुबली नेता अणुब्रत मंडल के बाद अब सीबीआई की नजर उनके करीबियों पर है। इस कड़ी में रविवार को सीबीआई की टीम ने बोलपुर में उनकी बेटी सुकन्या मंडल के करीबी विद्यातवरण गायन के घर पर छापा मारा। पशु तस्करी मामले के बाद से ही गायन नदारद हैं।
सीबीआई की टीम ने गायन के घर में छानबीन की। गायन की भी अणुब्रत मंडल के कारोबार में कई जगह हिस्सेदारी बताई जाती है। कई कारोबार में सुकन्या मंडल और गायन की साझेदारी है। सीबीआई को पता चला है कि सुकन्या मंडल वैसे तो शिक्षक हैं लेकिन वह दो कंपिनियों की निदेशक भी हैं। दोनों में गायन दूसरे निदेशक हैं। जानकारों के मुताबिक गायन पहले ड्राइवरी करता था पर तृणमूल की सरकार आने के बाद वह बड़ी संपत्ति का मालिक बन गया।