प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने का मामला तूल पकड़ लिया है। महाराष्ट्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के आपत्तिजनक बयान से नाराज भाजपा का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक मंगल प्रभात लोढा के नेतृत्व में पार्टी ने मंत्रालय के पास स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने अनशन शुरू कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया।
मंगलप्रभात लोढ़ा ने राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिलकर प्रधानमंत्री मोदी को मारने और उन्हे गाली देने वाले बयान को लेकर नाना पटोले की गिरफ्तारी की मांग की थी। लोढ़ा ने कहा था कि अगर बुधवार तक पटोले के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो वह अनशन पर बैठेंगे। कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को विधायक लोढा नरीमनप्वाइंट में गांधी पुतले के सामने अनशन पर बैठे तो विधायक राजहंस सिंह और मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी आदि नेता गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल से मिले और नाना पटोले को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की।
आचार्य त्रिपाठी ने कहा कि पटोले के खिलाफ एफआईआर और उनकी गिरफ्तारी तक यह क्रमिक अनशन जारी रहेगा। लेकिन मरीन ड्राईव पुलिस ने जबरन सभी भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें रिहा कर दिया। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष माधव भंडारी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अपमानजनक वक्तव्य को लेकर नाना पटोले के विरोध में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में 100 से अधिक स्थानों पर शिकायत दर्ज कराई है। भंडारी ने कहा कि पटोले के विरोध में अपराधिक शिकायत दर्ज करके जब तक कार्यवाही नहीं की जाएगी तब तक भाजपा का आंदोलन शुरू रहेगा।
मुंबई के वाकोला पुलिस स्टेशन में पटोले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले मुंबई भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह ने आरोप लगाया कि ठाकरे सरकार भेदभाव कर रही है। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ पुलिस अचानक सक्रिय हो गई थी जबकि पटोले के खिलाफ ऐसी सक्रियता नहीं दिखाई देती।