मलप्पुराम जिले की निवासी एक महिला ने पिछले दिनों पेरिन्थालमन्ना पुलिस थाने में विधायक नजीब कंथापुरम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि विधायक ने लोगों से आधी कीमत में स्कूटर और लैपटॉप देने का वादा करके ठगी की।
केरल में एक विधायक के खिलाफ सामाजिक उत्तरदायित्व कोष (सीएसआर) के जरिये लोगों को ठगने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि विधायक ने लोगों से आधी कीमत में स्कूटर और लैपटॉप देने का वादा करके ठगी की। वहीं मामले में पुलिस ने एक आरोपी आनंदू कृष्णन को गिरफ्तार करके पूछताछ की।
विज्ञापन
मलप्पुराम जिले की निवासी एक महिला ने पिछले दिनों पेरिन्थालमन्ना पुलिस थाने में विधायक नजीब कंथापुरम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने समाचार पत्र और व्हाट्सएप संदेश के जरिये एक विज्ञापन दिया। इसमें दावा किया गया कि लोग 50 फीसदी रकम देकर लैपटॉप प्राप्त कर सकते हैं। लैपटॉप की डिलीवरी 40 दिन में की जाएगी। योजना के बारे में लोगों से व्यक्तिगत रूप से भी संपर्क किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने 25 सितंबर 2024 को आरोपी विधायक नजीब कंथापुरम के कार्यालय में उनके सचिव को नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिये 21 हजार रुपये दिए। लेकिन 40 दिन बाद उसको न तो लैपटॉप मिला और न ही रकम वापस की गई। पुलिस ने विधायक के सचिव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया।
विज्ञापन
विधायक ने भी दर्ज कराया मुकदमा
इस मामले में विधायक नजीब कंथापुरम ने भी एक मुकदमा दर्ज कराया। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में एक संगठन से लैपटॉप, दोपहिया और सिलाई मशीन का वादा करके 1.88 करोड़ रुपये ठग लिए गए। मामले में पुलिस ने आरोपी आनंदू कृष्णन और एनजीओ परिषद के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कुछ दिन बाद पुलिस ने आरोपी कृष्णन को गिरफ्तार किया।
600 करोड़ का घोटाला
पुलिस ने बताया कि घोटाले की जांच की जा रही है। इस मामले में पूरे राज्य से 200 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। यह घोटाला 600 करोड़ से ज्यादा का हो सकता है। पुलिस ने कहा कि घोटाले का मुख्य आरोपी आनंदू कृष्णन है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने कृष्णन ने जुड़े चार बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।