फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

79 साल के हो गए टॉम एंड जेरी, आज ही के दिन पहली बार मचाया था धमाल

Sun, 19 Jul 2020 06:23 PM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • 19 जुलाई 1941 को मिडनाइट स्नैक नामक शो में पहली बार दिखे टॉम एंड जेरी
  • इनकी लोकप्रियता ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, सात ऑस्कर अवार्ड भी जीते
  • यूएई में लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि साल 1972 में यूएई ने डाक टिकट जारी किया
विज्ञापन
टॉम एंड जेरी - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

क्या बच्चे, क्या जवान और क्या बूढ़े... अगर किसी से भी उनके पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर का नाम पूछा जाए तो टॉम एंड जेरी का नाम उनकी जुबान पर जरूर आएगा। सबकी यादों में खास जगह रखने वाले टॉम और जेरी के लिए आज की तारीख यानी 19 जुलाई बेहद खास है, क्योंकि आज इनका जन्मदिन है। सालों से अपनी शरारतों से हंसाते गुदगुदाते आ रहे टॉम और जेरी अब 79 साल के हो गए हैं। पहली बार ये 19 जुलाई 1941 को मिडनाइट स्नैक नाम के एक शो में आए थे। 

विज्ञापन


हालांकि, इस शो में इन दोनों का नाम कुछ और था। इनके रचयिता विलियम हैना और जोसेफ बार्बरा ने टॉम को तब जैस्पर के नाम से पेश किया था और जेरी को कोई नाम ही नहीं दिया था। हालांकि, बाद में जेरी को जिंक्स नाम दिया गया था। मतलब 'टॉम एंड जेरी' की यह जोड़ी पहले 'जैस्पर और जिंक्स' के नाम से दुनिया के सामने आई थी। बाद में इनके नाम को बदलते हुए टॉम और जेरी कर दिया गया। इनके नामकरण के पीछे भी दिलचस्प कहानी है।

'टॉम एंड जेरी' नाम के पीछे है यह कहानी

टॉम और जेरी के नाम को लेकर भी काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके लिए स्टूडियो में एक प्रतियोगिता रखी गई थी कि जो भी इन कैरेक्टर्स का नाम सुझाएगा उसे 50 डॉलर जीतने का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता में एनिमेटर जॉन कार ने बिल्ले के लिए टॉम और चूहे के लिए जेरी नाम सुझाया था। यही दो नाम फाइनल किए गए और हमारे पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर को वो नाम मिले जिन्हें भूलना अब नामुमकिन सा ही है।

इस तरह हुई थी टॉम एंड जेरी की शुरुआत

जून 1937 में एनिमेटर और स्टोरीमैन जोसेफ बारबरा ने एमजीएम यानी मेट्रो गोल्डविन मेयर स्टूडियो की आइसिंग एनिमेशन यूनिट में काम शुरू किया था। तब यह हॉलीवुड का सबसे बड़ा स्टूडियो हुआ करता था। यहां उन्हें पता चला कि स्टूडियो के सह मालिक लुइल बी मेयर एनिमेशन डिपार्टमेंट को बढ़ाना चाहते थे और इसके लिए कलाकारों को नए कार्टून कैरेक्टर तैयार करने के लिए उत्साहित कर रहे थे। 

जोसेफ ने इसके बाद आइसिंग यूनिट में एनिमेटर और डायरेक्टर विलियम हैना के सामने कुछ विचार रखे। इसमें उन्होंने दो कैरेक्टर की बात की जिनके बीच हमेशा तूतू-मैंमैं चलती रहती है। लोमड़ी और कुत्ते से शुरू हुई कैरेक्टर की खोज आखिरकार बिल्ले और चूहे पर खत्म हुई। इस तरह दुनिया के सबसे पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर्स के लिए दुनिया के सामने आने का रास्ता साफ हुआ।

वह खास एपिसोड जिसमें दोस्त बन गए टॉम एंड जेरी

वैसे तो टॉम एंड जेरी को इस तरह दिखाया गया है कि दोनों के बीच हमेशा लड़ाई चलती रहती है और दोनों एक दूसरे की टांग खींचते रहते हैं। खैर, शो की शुरुआत ही इसी विचार के साथ हुई थी। लेकिन... साल 1975 में एक खास एपिसोड प्रसारित किया गया था जिसमें दोनों अच्छे दोस्त बन गए थे। इस स्पेशल एपिसोड में दोनों दुनिया की सैर करते हैं, खेल खेलते हैं और साथ ही साथ एक रोचक रहस्य भी सुलझाते हैं।

टॉम एंड जेरी के नाम पर डाक टिकट भी

हालांकि यह कार्टून अमेरिका का है, लेकिन इसकी लोकप्रियता पूरी दुनिया में है। इसकी लोकप्रयिता का विदेशों में अंदाजा इसी बात ले लगाया जा सकता है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने साल 1972 में टॉम एंड जेरी के नाम से डाक टिकट तक जारी कर दिया था। इसके अलावा इस जोड़ी के नाम पर एक पारंपरिक क्रिसमस कॉकटेल ड्रिंक का नाम भी रखा गया था। इसे 'दि टॉम एंड जेरी ड्रिंक' नाम दिया गया था।

सात ऑस्कर अवार्ड जीत चुकी है यह जोड़ी

हॉलीवुड या कहें कि पूरी दुनिया में सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अवार्ड ऑस्कर है। जिस अवार्ड को पाने के लिए बड़े-बड़े सितारे तरसते हैं उसे टॉम एंड जोड़ी ने एक या दो नहीं बल्कि सात ऑस्कर अवार्ड जीते हैं। इस जोड़ी की फिल्मों को कुल 13 बार ऑस्कर के लिए नामित किया गया था। इस जोड़ी ने अपना पहला ऑस्कर अवार्ड साल 1943 में जीता था। इस जोड़ी के पास किसी भी एनिमेटेड सीरीज से ज्यादा एकेडमी अवार्ड जीतने का रिकॉर्ड है।

विज्ञापन

भारत में दूरदर्शन पर 90 के दशक में आए

भारत में टॉम एंड जेरी का प्रसारण 90 के दशक में शुरू हुआ था। तब यह शरारती जोड़ी दूरदर्शन पर धमाल मचाया करती थी। भारत में भी थोड़े ही समय में यह जोड़ी काफी पसंद की जाने लगी थी। बाद में कई कार्टून चैनल्स पर इसका प्रसारण हुआ। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें