PTI द्वारा जारी की गई तस्वीर में अधूरे नक्शे को साफ-साफ देखा जा सकता है
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन त्रूदो ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित यूनाइटेड नेशंस यंग चेंजमेकर्स कॉन्क्लेव में शिरकत की। यह कार्यक्रम उन युवाओं को समर्पित था जिनकी वजह से दुनिया में महत्वपूर्ण बदलाव आ रहे हैं। कॉन्क्लेव में कनाडाई प्रधानमंत्री की पत्नी सोफी ग्रेगोर और बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा भी मौजूद थीं। इस बार के कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण यह रहा कि यहां स्टेज पर लगाए गए बैनर में भारत का नक्शा अधूरा दिखाया गया। नक्शे से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर तथा अक्साई चीन का हिस्सा गायब दिख रहा था। पीटीआई द्वारा जारी की गई तस्वीरों में अधूरे नक्शे को साफ-साफ देखा जा सकता है।
क्या कहता है नियम
भारत सरकार ने कानून बनाकर मानचित्र के गलत चित्रण को गैरकानूनी बना दिया है। ऐसा करने वालों को अधिकतम 7 साल की जेल हो सकती है और उन पर 100 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
भू-स्थानिक सूचना नियमन विधेयक 2016 के अनुसार भारत से जुड़ी किसी भू-स्थानिक सूचना को प्राप्त करने, उसका प्रचार-प्रसार करने, उसको प्रकाशित करने या उसमें संशोधन करने से पहले शासकीय प्राधिकार से अनुमति लेना आवश्यक होगा। कानून के अनुसार, 'कानून का उल्लंघन करके भारत की भू-स्थानिक जानकारी प्राप्त करने वाले पर एक करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और/या सात वर्ष तक की जेल हो सकती है।'