कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद रविवार को दिल्ली पहुंच गईं। मई में विदेश मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारतीय यात्रा है। अपनी यात्रा के दौरान वह भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग के साथ-साथ व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा विषय पर चर्चा करेंगी। इसके साथ ही, आनंद वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात करेंगी, ताकि दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने पर बातचीत की जा सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि यह दौरा भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति बनाए रखने, आर्थिक सहयोग को गहरा करने और जन-जन के बीच साझेदारी को मजबूत करने में मदद करेगा। नई दिल्ली आनंद का तीन देशों के दौरे का पहला पड़ाव है। इसके बाद वह चीन और सिंगापुर जाएंगी।