कैंब्रिज एनालिटिका द्वारा लोगों की निजी जानकारियों से संबंधित डाटा लीक मामले पर तमाम बड़े दल आपस में भिड़ गए हैं। भाजपा, कांग्रेस और जेडीयू पर इस कंपनी की सेवाएं लेने के आरोप लग रहे हैं। तो कांग्रेस और भाजपा तो एक दूसरे पर बेहद आक्रमक हो चुके हैं और एक दूसरे पर इस कंपनी की सेवाएं लेने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं इस बीच जेडीयू नेता केसी त्यागी के बेटे अमरीश त्यागी का नाम भी इस कंपनी से जोड़ा जा रहा है।
लेकिन केसी त्यागी ने इन खबरों का खंडन करते हुए कहा कि 'जेडीयू और मेरे बेटे अमरीश का इस कंपनी के साथ कोई कनेक्शन नहीं है। न ही हमारी पार्टी ने इस कंपनी से मदद ली है और ना ही मेरे बेटे ने। आईटी मंत्री इस मामले की जांच करवा सकते हैं, अगर कुछ गड़बड़ है तो आप मेरे बेटे को सजा दे सकते हो।'
बता दें कि ऐसी खबरें हैं कि अमरीश कैंब्रिज एनालिटिका की भारतीय पैरेंट कंपनी स्ट्रेटेजिक कम्युनिकेशंस लेबारेटरीज के सीईओ हैं जो कि एक स्थानीय कंपनी ओवलेनो बिजनेस इंटेलीजेंस के साथ मिलकर काम करती है।
डाटा चोरी पर जारी सियासत
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कैंब्रिज एनालिटिका से कांग्रेस के संबंधों को लेकर पार्टी को आड़े हाथ लिया है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल अक्तूबर और नवंबर में कांग्रेस द्वारा इस कंपनी की सेवाएं लेने के संबंध में मीडिया में खूब चर्चा हुई लेकिन कांग्रेस चुप्पी साधे रही। अब पांच महीने बाद मामला खुलने पर इससे भाग रही है। कांग्रेस इस संबंध को झूठला नहीं सकती क्योंकि इसके सबूत मौजूद हैं।