क्या है पूरा मामला
भाजपा की बशीरहाट जिला समिति के अध्यक्ष याचिकाकर्ता ने न्यायमूर्ति सिन्हा की अदालत के समक्ष आरोप लगाया था कि भगवा पार्टी के उम्मीदवारों को आगामी पंचायत चुनावों के लिए अपने नामांकन दाखिल करने में प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। दावा किया गया था कि उच्च न्यायालय के विशिष्ट आदेशों के बावजूद पीड़ित व्यक्ति नामांकन दाखिल नहीं कर पाए, क्योंकि उन्हें रास्ते में रोक दिया गया था और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रति निष्ठा रखने वालों द्वारा बेरहमी से पीटा गया था। उन्होंने अदालत के समक्ष जिले के संदेशखली प्रथम और द्वितीय, मिनाखा, न्याजात और हरोआ ब्लॉकों के इन संभावित उम्मीदवारों को शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की अनुमति देने का निर्देश देने का अनुरोध किया था।
छिटपुट घटनाओं को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे विपक्षी दल: बनर्जी
इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो रही है और उन्होंने विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि वे 'एक या दो छिटपुट' घटनाओं को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बनर्जी का यह बयान राज्यपाल सीवी आनंद बोस की उस टिप्पणी के कुछ देर बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि भंगोर में राजनीतिक हिंसा समाप्त होनी चाहिए, जहां एक दिन पहले दो दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए थे, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि वह पहले ही बनर्जी के साथ स्थिति पर चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'बंगाल के अलावा कोई और राज्य नहीं है जहां पंचायत चुनाव नामांकन प्रक्रिया इतनी शांतिपूर्ण है। विपक्षी दल माकपा, कांग्रेस, भाजपा और आईएसएफ नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक या दो घटनाओं के लिए हमें दोषी ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।
'भाजपा के खिलाफ लड़ाई में टीएमसी के समर्थन की उम्मीद न करे कांग्रेस'
भाजपा और माकपा के साथ गठबंधन करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने यह भी कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्रीय स्तर पर उनका समर्थन करेगी। इससे पहले भंगोर में स्थिति का जायजा लेने के बाद राज्यपाल ने कहा था कि बंगाल के कुछ हिस्सों में कुछ अवांछनीय घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा, मैंने उनके बारे में अपने निष्कर्ष निकाल लिए हैं। कोई भी हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हमें इसे समाप्त करना होगा।
मजूमदार ने केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप का अनुरोध किया
पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनावों की सुरक्षा स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।