करेल में नेविगेशन एप का इस्तेमाल कर रही टैक्सी नहर में जा गिरी। घटना कोच्चि शहर की है, जहां भारी बारिश की वजह से जलमग्न सड़क पर जा रही टैक्सी एक खुली नहर में गिर गई। गनीमत रही कि चालक ने तुरंत ही ब्रेक लगा दिए, जिससे आधा वाहन सड़क पर ही फंस गया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह पेट्टा के पास बारिश के पानी से भरी सड़क पर एक निजी टैक्सी उस समय खुली नहर में गिर गई, जब उसका चालक नेविगेशन टूल का इस्तेमाल करके एक यात्री को लेने जा रहा था।
टैक्सी का तीन-चौथाई हिस्सा पानी में डूबा
टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों के मुताबिक, वाहन नहर में गिर गया और उसका तीन-चौथाई हिस्सा पानी में डूब गया। पुलिस ने बताया कि चालक सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। घटना सुबह करीब 7.30 बजे हुई, जब एक लोकप्रिय एप-आधारित राइड-हेलिंग सेवा का चालक एक यात्री को लेने जा रहा था।
कार को बाहर निकाल लिया गया
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो गई थी और इलाके में नए लोगों के लिए यह पता लगाना मुश्किल होगा कि नहर कहां है। मरदु पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, 'कार को बाहर निकाल लिया गया है।' कार को बाहर निकालने में मदद करने वाले स्थानीय लोगों ने टीवी चैनलों को बताया कि सड़क के किनारे बनी नहर खुली हुई थी और भारी बारिश के दौरान इलाका पूरी तरह से जलमग्न हो जाता है, जिससे यह पता ही नहीं चलता कि सड़क या नहर कहां है।