केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी ने सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की बात पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'मैं सख्ती के साथ जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को चेतावनी देता हूं कि अगर कोई भी रेलवे सहित सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करता है, तो मैं एक मंत्री के रूप में निर्देश देता हूं, उन्हें देखते ही गोली मार दी जाए।'
वहीं पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध अगले 48 घंटों के लिए बढ़ा दिया गया है।
देशभर में संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को विवादित बयान दे डाला। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने एनआरसी का विरोध करने की बात भी कही।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, अगर राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू होता है तो मैं पंजीकरण न करने वाला पहला व्यक्ति होऊंगा। दक्षिण अफ्रीका में गांधी जी ने 'अंग्रेज' के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था, वैसे ही हम इन 'काले अंग्रेजों' का विरोध करेंगे।
विरोध की आंच ओडिशा तक पहुंची
नागरिकता कानून के विरोध की आंच ओडिशा तक पहुंची। भुवनेश्वर में लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए सीएम नवीन पटनायक से अपना पक्ष साफ करने की मांग की। प्रदर्शनकारी हाथों में एनआरसी और सीएबी विरोधी पोस्टर थामे हुए थे। रैली सत्यनगर मस्जिद से शुरू होगा सीएण पटनायक के आवास नवीन निवास पर जाकर खत्म हुई।
दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस ने जामिया हिंसा के खिलाफ टॉर्च रैली निकाली। इस रैली में कांग्रेस नेता हरीश रावत भी शामिल हैं।
तमिलनाडु: मुस्लिम जमात काउंसिल ने एआईएडीएमके राज्यसभा सांसद ए मोहम्मद जॉन को नागरिकता संशोधन बिल (कानून) के पक्ष में वोट करने के लिए निकाला।
दिल्ली के सीलमपुर में पुलिस पर पथराव करती भीड़।
राष्ट्रपति से मिलने पहुंचा विपक्ष
नागरिकता कानून व जामिया हिंसा पर राष्ट्रपति से मिलने पहुंचा विपक्ष। सोनिया गांधी कर रही हैं विपक्ष की अगुवाई।
अमित शाह ने दिया भरोसा
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा - नागरिकता कानून पर विपक्ष देश की जनता को गुमराह कर रहा है। मैं साफ करना चाहता हूं कि देश के किसी भी समुदाय के व्यक्ति से नागरिकता लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता। इस बिल में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नागरिकता कानून पर कहा, जामिया मिलिया इस्लामिया में जो हुआ वह जलियावाला बाग की तरह है। छात्र युवा बम की तरह हैं। हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि वह छात्रों के साथ ऐसा न करें।
नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करते हुए अभिनेता कमल हासन ने इसे केंद्र सरकार की तानाशाही करार दिया है। हासन ने कहा कि युवाओं को उन लोगों से जरूर सवाल करना चाहिए जो सत्ता में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र इस समय आईसीयू में है। नागरिकता संशोधन कानून पार्टी या राज्य से इतर है। यह एक राष्ट्रीय मुद्दा है।
उच्चतम न्यायालय ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ देश भर में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान हिंसा की सीबीआई या अदालत की निगरानी वाली एसआईटी जांच का अनुरोध करने वाली एक याचिका पर विचार करने की मंगलवार को सहमति दी। इस मामले का प्रधान न्यायाधीश एस ए बोबडे की अगुवाई वाली एक पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई के लिए उल्लेख किया गया। पीठ ने कहा, 'हम हिंसा के मामले पर गौर करेंगे।' उपाध्याय ने पीठ को बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन के दौरान ट्रेनों को आग लगाई गई और हिंसक प्रदर्शनों के पीछ के असल षड्यंत्रकर्ता का पता लगाने के लिए सीबीआई या एसआईटी जांच जरूरी है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस अधीक्षक ने जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों से 15 दिसंबर को शांत रहने और पत्थर न फेंकने की अपील करते हुए दिख रहे हैं। यह वीडियो उसी दिन का है जब जामिया में छात्रों के प्रधर्शन ने हिंसक रूप ले लिया था। इस वीडियो को दिल्ली पुलिस ने जारी किया है।
पश्चिम बंगाल के कलकत्ता उच्च न्यायालय में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस बयान के खिलाफ रिट याचिका दाखिल की गई है जिसमें उन्होंने कहा था कि नागरिकता कानून को राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। लोगों के पैसों से इसपर राज्य सरकार ने विज्ञापन भी जारी किए।
संभल जिले प्रशासन का कहना है कि नागरिकता कानून को लेकर हो रहे विरोध के कारण आज रात तक जिले में इंटरनेट सेवा बंद रहेंगी।
शिलांग में मंगलवार को कर्फ्यू में 13 घंटे की छूट दी गई है। हालांकि यहां अब भी मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित रहेगी।
डीएमके नेता कनिमोझी, दयानिधि मारन और एमके स्टालिन अपनी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मिलकर नागरिकता कानून के खिलाफ चेन्नई में प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा सांसद आरके सिन्हा ने जामिया हिंसा को लेकर ट्वीट करते हुए कहा, 'और क्या सबूत चाहिए? गिरफ्तार करो जामिया के प्रशासकों को और बंद करो ऐसे विश्वविद्यालयों को जो आतंकवादी पैदा कर रहे हैं!'
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने नागरिकता कानून Citizenship Amendment Act पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार से इस असंवैधानिक कानून को वापस लेने की मांग करती हूं, अन्यथा भविष्य में इसके नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं। उन्हें आपातकाल जैसे हालात पैदा नहीं करने चाहिए, जैसे कांग्रेस ने पहले किए थे।
गृह मंत्रालय ने कहा है कि जामिया प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने एक भी गोली नहीं चलाई है। हालांकि जामिया हिंसा मामले में रविवार रात दो घायलों को सफदरजंग अस्पताल भर्ती कराया गया था। इन्हें गोली लगी हुई है। इनमें से एक की पहचान जामिया में बीई अंतिम वर्ष के छात्र अहजाद के रूप में हुई है।
गुवाहाटी में कर्फ्यू हटा, डिब्रूगढ़ में 14 घंटे की छूट
11 दिसंबर से गुवाहाटी में लगा कर्फ्यू आज मंगलवार को हटा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुले हैं। बस, कार और दोपहिया वाहन सड़कों पर नजर आ रहे हैं। कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा सोमवार को बुलाई गई एक बैठक में गुवाहाटी से कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शनों में बुधवार तक पांच लोग अपनी जान गंवा चुके थे।