पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ बीजेपी के रवैये की आलोचना की है। मंगलवार को ममता ने कहा कि सीएए के विरोधियों को बीजेपी नेता भारत-विरोधी बता रहे हैं। दिल्ली के जामिया मिलिया और शाहीन बाग में फायरिंग की हालिया घटनाओं को भी ममता ने सीएए के शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को डराने की कोशिश करार दिया।
उत्तरी 24 परगना के बनगांव में रैली को संबोधित करते हुए ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पीएम केवल चुनावों के समय ही खुद को चौकीदार बताते हैं जबकि वे हर समय लोगों का ध्यान रखती हैं। ममता ने कहा, मैं उन लोगों में शामिल नहीं हूं जो जनता के बीच घृणा बोते हैं। शाहीन बाग और जामिया में फायरिंग की घटनाएं बीजेपी नेताओं की शह पर ही हुईं। ये लोगों की डराने की कोशिशें हैं।
शाहीनबाग के प्रदर्शनकारियों को अपने समर्थन का ऐलान करते हुए तृणमूल सुप्रीमो ने कहा कि कुछ पार्टियां नागरिकता संशोधन कानून के बारे गलत जानकारियां फैला रही हैं। उन्हों भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ये कानून आपको नागरिकता देगा नहीं बल्कि विदेशी बना कर छोड़ देगा। बता दें कि ममता शुरू से ही सीएए को अल्पसंख्यक?-विरोधी बताते इसका विरोध कर रही हैं।