दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे लगे
दिल्ली विश्वविद्यालय में कुछ छात्रों ने नागरिकता बिल का विरोध करने वालों का विरोध किया और नारेबाजी की। जामिया विवाद पर इन्होंने दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए।
मद्रास विश्विद्यालय पहुंचे कमल हासन
नागरिकता कानून और जामिया हिंसा के मुद्दे पर आज मक्कल नीधि मैयम के प्रमुख कमल हासन छात्रों से मिलने मद्रास विश्विद्यालय पहुंचे। छात्र एनआरसी, सीएए और जामिया हिंसा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
कमल हासन ने कहा कि मुझे अंदर नहीं जाने दिया गया। जबतक मैं मर नहीं जाता, खुद को छात्र ही समझूंगा। मैं यहां छात्रों का समर्थन करने आया हूं। मैं इनके लिए लगातार आवाज उठाता रहूंगा और मैंने राजनीतिक पार्टी भी बना ली है तो इनकी आवाज उठाना मेरा कर्तव्य बनता है।
मुंब्रा में निकाली विरोध रैली
एनआरसी और नागरिकता कानून के विरोध में बुधवार को सैकड़ों लोगों ने मुंबई के पास मुस्लिम बहुल इलाके मुंब्रा में रैली निकाली। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर-बैनर लिए हुए थे जिसमें सीएए और एनआरसी के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। इलाके में ज्यादातर दुकानें बंद थीं और सड़कों से ऑटो रिक्शा भी नदारद थे।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कहा- जो भी नागरिक भारतीय संविधान में भरोसा रखता है वो इस काले कानून को कभी नहीं मानेगा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज फिर नागरिकता कानून के विरोध में सड़क पर उतरीं।
सुप्रीम कोर्ट ने नागरिकता कानून को लेकर दायर 59 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए रोक लगाने से इनकार कर दिया। इस मामले पर अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस भी जारी किया है।
गुवाहाटी में बुधवार को जनजीवन पटरी पर लौट आया जबकि डिब्रूगढ़ में लागू कर्फ्यू में सुबह छह बजे से 14 घंटे की ढील दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर का प्रवेशद्वार माने जाने वाले गुवाहाटी में 11 दिसंबर से लागू कर्फ्यू कानून-व्यवस्था में सुधार आने के बाद मंगलवार को हटा लिया गया। असम में बुधवार की सुबह हिंसा का कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है। मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक अब भी बरकरार है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हम अपने राज्य में नागरिकता के कानून को जरूर लागू करेंगे।
बहुजन समाज पार्टी का संसदीय प्रतिनिधिमंडल आज नागरिकता कानून को लेकर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की। इस प्रतिनिधि मंडल में सतीश चंद्र मिश्र, दानिश अली सहित कई नेता शामिल रहे।
कृषक मुक्ति संग्राम समिति के अखिल गोगोई को कल रात दिल्ली स्थित एनआईए मुख्यालय लाया गया। उन्हें असम पुलिस ने 12 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। अखिल गोगोई के खिलाफ नागरिकता कानून का विरोध करने के कारण प्रतिबंधात्मक उपाय के तहत मामला दर्ज किया गया था। 14 दिसंबर को यह मामला एनआईए को सौंप दिया गया और उसे 10 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया गया।
दिल्ली के सीलमपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो जाने के बाद मंगलवार को सात मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही बंद कर दी गई थी और ट्रेनें भी वहां नहीं रुक रही थीं। लेकिन बुधवार सुबह सभी मेट्रो स्टेशनों के हर गेट खोल दिए गए हैं और सेवाएं सामान्य हो गई हैं। हालांकि दिल्ली से नोएडा आने जाने वाले कुछ रास्ते तीसरे दिन भी बंद हैं जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
नागरिकता कानून को लेकर पूर्वोत्तर भारत में चल रहा विरोध अब थोड़ा शांत होता दिखाई दे रहा है, जहां मंगलवार को कर्फ्यू में ढील दिए जाने के साथ ही सड़कों पर वाहन आम दिनों की तरह चलते दिखाई दिए। लेकिन पश्चिम बंगाल में पांचवें दिन भी सड़क और रेल यातायात को रोककर प्रदर्शनों का दौर जारी रहा। केरल में भी 30 संगठनों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया और रोडवेज बसों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने 233 लोगों को हिरासत में लिया है।