मृतकों के परिजनों को 5.5 लाख मुआवजा
दिल्ली वक्फ बोर्ड ने एलान किया है कि वह नागरिकता कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को 5.5 लाख रुपये मुआवजा देगी ।
राजघाट पर धरना देंगे सोनिया-राहुल और कांग्रेस नेता
दिल्ली: नागरिकता कानून और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में कांग्रेस रविवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक राजघाट में धरना देगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी इसमें शामिल होंगे।
मंगलुरू में कर्फ्यू में ढील
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान इस तटीय शहर में हुई हिंसा की जांच करायी जाएगी जिसमें पुलिस की गोलीबारी में दो व्यक्ति मारे गए थे। येदियुरप्पा ने यहां लगे कर्फ्यू में ढील दिये जाने की घोषणा की। मंगलुरू में बृहस्पतिवार को हुई हिंसा के बाद शहर के दौरे पर आए मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने शांति की अपील की और यह भी कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को कानून के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने का निर्देश दिया है। येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा कि सभी चाहते हैं कि कर्फ्यू हट जाए। मैंने अधिकारियों और गृह मंत्री के साथ चर्चा की है और आज दोपहर तीन से शाम छह बजे तक इसमें ढील दी गई, रात के समय कर्फ्यू जारी रहेगा।
1100 शिक्षाविदों ने जारी किया बयान
संशोधित नागरिकता कानून के समर्थन में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों के करीब 1,100 शिक्षाविदों व शोध विशेषज्ञों ने शनिवार को एक बयान जारी किया। अपने बयान में इन शिक्षाविदों ने समाज के प्रत्येक वर्ग से संयम बरतने और दुष्प्रचार, सांप्रदायिकता एवं अराजकता के जाल में नहीं फंसने की अपील की है।
बयान में कहा गया, हम बेहद गुस्से के साथ इस बात की ओर भी ध्यान दिलाना चाहते हैं कि जानबूझ कर तनाव एवं भय की अफवाह फैला कर देश में डर एवं उन्माद का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे देश के कई हिस्सों में हिंसा हो रही है।
तीन करोड़ परिवारों तक पहुंचेगी भाजपा
वहींं, आज भाजपा ने कहा कि वह नागरिकता कानून पर लोगों को जागरूक करने के लिए तीन करोड़ परिवारों तक पहुंचेगी। अगले 10 दिनों में हर जिले में रैली करेगी।
असम के गुवाहाटी में लतासिल मैदान पर नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन हुआ। वहीं, असम स्टूडेंट यूनियन के मुख्य सलाहकार समुज्जल भट्टाचार्य ने कहा कि जनता की आवाज तेज और साफ है। इस कानून की विदाई होनी चाहिए। इसे खत्म किया जाना चाहिए क्योंकि ये अवैध बांग्लादेशियों की सुरक्षा करता है, ऐतिहासिक असम समझौते के खिलाफ और उत्तर पूर्व विरोधी है। साथ ही सांप्रदायिक और असंवैधानिक भी है।
दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर आज शाम को साढ़े चार बजे नागरिकता कानून को लेकर कोर ग्रुप की बैठक होगी।
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उन लोगों के परिवारों से मिलेगा जो नागरिकता कानून के खिलाफ लखनऊ में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में मारे गए थे।
केरल के कोझीकोड में पुलिस ने नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 'यदि एनआरसी लागू होता है तो मैं पहला ऐसा व्यक्ति होउंगा जो इसपर हस्ताक्षर नहीं करुंगा।'
हैदराबाद में एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने आज बैठक बुलाई है। जिसमें जामिया मिलिया इस्लामिया की छात्र लदीद सखालून और आएशा रेन्ना भी मौजूद रहेंगी।
तमिलनाडु में नागरिकता कानून का एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स को तोड़ दिया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों से प्रभावित मंगलुरु का शनिवार को दौरा करेंगे और वहां की स्थिति का जायजा लेने के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। येदियुरप्पा ने मंगलुरु के लिए रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि मैं गोविंद कजरोल (उपमुख्यमंत्री) और बसवराज बोम्मई (राज्य के गृह मंत्री) के साथ मंगलुरु जा रहा हूं। मैं कारणों (हिंसा के) को जानने के लिए वहां अधिकारियों के साथ बैठक करूंगा।
तमिलनाडु में एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के बाहर वामपंथी संगठनों नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे हैं।
भारतीय रेलवे ने नागरिकता कानून के विरोध में हुई अपनी संपत्ति के नुकसान का ब्यौरा दिया है। रेलवे का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान उसे 88 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। जिसमें से पूर्वी रेलवे जोन में 72 करोड़, दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में 13 करोड़ और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर जोन में तीन करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के कार्यकर्ताओं ने पटना में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बैरिकेड को तोड़ दिया।
कर्नाटक के मंगलूरू पुलिस आयुक्त ने मंगलुरु की अपनी यात्रा के संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा गया है कि शहर में उनके प्रवेश से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है।
केरल के त्रिवेंद्रम में केरल स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्यों ने इसरो की बसों को पीरुरकाडा जंक्शन में कल रात को रोक दिया था। यह सभी नागरिकता कानून को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।