जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर अब तक के सबसे बड़े फिदायीन हमले में वीरवार को सीआरपीएफ के 42 जवान शहीद हो गए। 20 अन्य के घायल होने की सूचना है। फिदायीन हमलावर ने विस्फोटक भरी कार को काफिले की बस से टकरा दिया, जिससे विस्फोट में बस के परखच्चे उड़ गए। आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली है। जैश ने काफिले पर फिदायीन हमला करने वाले आतंकी आदिल उर्फ वकास का वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह ग्रेनेड और राइफलें लेकर हरे झंडे के आगे बैठा है।
आतंकी आदिल वीडियो में साफ कहता सुनाई दे रहा है कि जब तक यह वीडियो आप लोगों तक पहुंचेगा उस समय मैं जन्नत में मजे लूट रहा होऊंगा। उसने कहा, मैंने जैश ए मोहम्मद में आतंकी के रूप में एक साल बिताया है। अब यह मेरा कश्मीर के लोगों के लिए आखिरी मैसेज है। कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हाल ही के दिनों किए गए आईईडी और स्नाइपर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे कुछ कमांडरों को मारकर तुम हमें कमजोर नहीं कर पाओगे।
जानकारी के मुताबिक आदिल हुसैन डार 19 मार्च 2016 को पुलवामा के गुंडीबाग से गायब हो गया था। उसके दो दोस्त तौसीफ और वसीम भी गायब हो गए थे। तौसीफ का बड़ा भाई मंजूर अहमद डार भी आतंकी था जो 2016 में मारा गया था। आदिल ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं था। आदिल एक स्थानीय मस्जिद में अजान भी दिया करता था।