केरल की थ्रिक्काकरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष एएन राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। राधाकृष्णन की उम्मीदवारी की घोषणा केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को दिल्ली में की। राधाकृष्णन को पार्टी ने यूडीएफ उम्मीदवार और दिवंगत कांग्रेस नेता पीटी थॉमस की पत्नी उमा थॉमस के खिलाफ खड़ा किया है। यह सीट पीटी थॉमस के निधन के कारण खाली हुई है। इस सीट से सत्ताधारी एलडीएफ के उम्मीदवार डॉ जो जोसेफ के भी मैदान में उतरने से यह उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। थ्रिक्काकरा सीट पर मतदान 31 मई को होना है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 11 मई है।
ओडिशा के ब्रजराजनगर से इन्हें मिला टिकट
भाजपा ने ओडिशा के झारसूगुड़ा जिले की ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर 31 मई को होने वाले उपचुनाव में पूर्व विधायक राधारानी पांडा को अपना उम्मीदवार बनाया है। पांडा ने 2014 में बीजद उम्मीदवार अनूप कुमार सई को हराकर यह सीट जीती थी, लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव में वह बीजद के किशोर मोहंती से हार गई थीं। दरअसल गत दिसंबर में मोहंती के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर 31 को मतदान के बाद 3 जून को मतों की गिनती होगी।