केरल के कोट्टायम में मंगलवार को व्यवसायी और उनकी पत्नी की घर में हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि थिरुवथुक्कल में एक व्यवसायी और उनकी पत्नी का शव उनके ही घर में मिला। सुबह दोनों खून से लथपथ पाए गए और बाद में पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान विजयकुमार के रूप में हुई है, जो एक ऑडिटोरियम के मालिक हैं। वे जिले में कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान चलाते हैं। उनकी पत्नी मीरा भी इसी घर में मृत पाई गई हैं।
सबसे पहले नौकरानी ने शव देखे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह घर में काम करने आई उनकी नौकरानी ने इमारत के सामने वाले हिस्से में दंपति के शव देखे। हालांकि, वह घर में पीछे के दरवाजे से प्रवेश करती थी, लेकिन आज सुबह घर बंद पाया गया और इसलिए वह सामने के दरवाजे से इमारत में प्रवेश कर गई। उसने तुरंत पड़ोसियों को इस बारे में बताया। फिर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
आरोपियों की तलाश की जा रही है
कोट्टायम के पुलिस अधीक्षक शाहुल हमीद ने बताया कि प्रथम दृष्टया दंपती की मौत हत्या प्रतीत हो रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ पुलिस को अहम सबुत मिले हैं। उन्होंने एक टीवी चैनल को बताया कि इस दोहरे हत्याकांड की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी। उन्होंने कहा, 'सबूतों के आधार पर हत्या का मकसद व्यक्तिगत दुश्मनी प्रतीत हो रही है। अभी तक हमें अपराध स्थल से चोरी का कोई सबूत नहीं मिला है।'
मृतक दंपती की बेटी विदेश में रहती है
जब अधिकारी से मृतक दंपती के हाल ही में सेवा से बर्खास्त किए गए एक प्रवासी कर्मचारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पुलिस को ऐसे पहलुओं की सटीक जानकारी की पुष्टि के लिए कुछ और समय चाहिए। पुलिस ने बताया कि घर में पूर्णकालिक सुरक्षा-सह-देखभालकर्ता था, लेकिन उसे घटना के बारे में तब पता चला, जब नौकरानी ने सुबह पड़ोसियों को इसके बारे में बताया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक दंपती की बेटी विदेश में रहती है।