तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक व्यक्ति बीते करीब 100 दिनों से पांच सितारा होटल में ठहरा हुआ था। यह व्यक्ति कथित तौर पर होटल का 12.34 लाख रुपये का बिल भरे बिना ही वहां से भाग गया है। इस बात की जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी है।
आरोपी की पहचान ए. शंकर नारायण के तौर पर हुई है। ताज बंजारा होटल के मैनेजर की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए हुए पुलिस ने धोखाधड़ी और विश्वास का आपराधिक हनन करने का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी विशाखापट्टनम का रहने वाला व्यापारी है।
होटल के मैनेजमेंट के अनुसार, नारायण लग्जरी सुइट में 102 दिनों से ठहरा हुआ था। उसका कुल बिल 25.96 लाख रुपये का बना था, जिसमें से उसने महज 13.26 लाख रुपये का ही भुगतान किया। इसके बाद वह कथित तौर पर बिना किसी को बताए अप्रैल माह में होटल छोड़कर चला गया।
इसके बाद होटल के स्टाफ ने नारायण से संपर्क करने की कोशिश की, इस दौरान उसने वादा किया कि वह पूरा बिल भर देगा। हालांकि, कुछ समय बाद उसने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। फिर होटल के मैनेजर ने बंजारा हिल्स पुलिस स्टेशन में जाकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
मामले पर सब इस्पेक्टर पी. रवि का कहना है, "हमने होटल के मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।" व्यवसायी ने कथित तौर पर दावा किया है कि वह बिल का भुगतान करने के बाद ही होटल से गया है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि ऐसा कर होटल ने उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। नारायण का कहना है कि वह होटल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का विचार कर रहा है।