दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत
- फोटो : ANI
पुणे में हाउसिंग सोसाइटी के बिल्डर्स को दीवार की खस्ता हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने करीब पांच महीने पहले ही सतर्क कर दिया था। इसी दीवार के गिरने से 15 लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं। सोसाइटी की दीवार के गिरने से जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें चार बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
यहां लोगों ने एक मीटिंग की थी, जिसमें बिल्डर्स को भी शामिल किया गया। एक निवासी ने बताया कि एलकन लैंडमार्क नामक कंपनी के निदेशक ने लोगों से कहा था कि दीवार सुरक्षित है और अगर कुछ होता है तो उसका ध्यान रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि दीवार मोटी और भारी थी, जिसके ढहने से लोग उसके नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई।
हाउसिंग सोसाइटी के एक निवासी का कहना है, "हमारी 16 फरवरी को विवेक अग्रवाल (एलकन लैंडमार्क में पार्टनर) के साथ लंबित पड़े कामों पर बैठक हुई थी। हमने तब दीवार की हालत के बारे में बताया था, उन्हें कहा था कि ये आगे की ओर झुक रही है और इसकी निर्माण गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है।" एक अन्य निवासी का कहना है कि निवासियों ने बिल्डर्स को बैठक के अलावा ईमेल भी किए थे। ये ईमेल पुणे नगरपालिका और पुलिस को भी फॉरवर्ड कर दिया गया है।
दीवार 12 से 15 फुट ऊंची थी। दीवार गिरने के बाद मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ और दमकलकर्मियों को भी बुलाया गया है। इनमें से अधिकतर लोग उस वक्त सोए हुए थे, जब दीवार उनके घरों पर गिरी। बताया जा रहा है कि जहां दीवार थी, वहां से करीब 40 फीट की दूरी पर खुदाई का काम चल रहा है। इस निर्माण कार्य के कारण दीवार की नींव कमजोर पड़ गई, जिससे वह आगे की ओर झुक गई थी।
दीवार की चपेट में कुछ गाड़ियां भी आ गईं। जिस कंपनी के लिए खुदाई का काम चल रहा था, उसके कर्मियों समेत एलकन लैंडमार्क के लिए काम करने वाले लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।