10:17 AM, 04-Mar-2020
संसद: दिल्ली हिंसा पर आज भी संग्राम, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित
बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है। पिछले दो दिनों में बजट सत्र दिल्ली हिंसा को लेकर हंगामे की भेंट चढ़ चुका है। वहीं आज भी दिल्ली हिंसा को लेकर संसद में हंगामें के आसार हैं। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा ने दिल्ली हिंसा को लेकर नियम 267 के तहत राज्यसभा में स्थगन का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव और जावेद अली खान ने भी दिल्ली हिंसा को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है।
इससे पहले मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कहा कि हम यहां राष्ट्रहित के लिए हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राष्ट्र सर्वोच्च है और यह विकास हमारा मंत्र है। पीएम ने कहा कि सभी सांसदों को समाज में शांति, सौहार्द और एकता सुनिश्चित करने के लिए अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकास के लिए शांति, एकता और सद्भाव होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कुछ दल ऐसे हैं जो पार्टी हित को राष्ट्रीय हित से ऊपर रखते हैं।
दिल्ली हिंसा के विषय पर लोकसभा में जारी गतिरोध मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के यह कहने के बावजूद नहीं टूट पाया कि सरकार इस मुद्दे पर होली के बाद चर्चा कराने को तैयार है। इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग को लेकर अड़े विपक्ष के हंगामे और सत्तापक्ष और विपक्ष के कुछ सदस्यों के बीच धक्कामुक्की के कारण सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।