फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget 2018: सरकार को घेरने के लिए विपक्षी दलों की बैठक आज, सोनिया कर सकती हैं अध्यक्षता

Thu, 01 Feb 2018 08:20 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

संसद के बजट सत्र के लिए साझा रणनीति तैयार करने के मकसद से यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी विपक्षी दलों के नेताओं के साथ आज बैठक कर सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा सुबह केंद्रीय बजट पेश करने के बाद शाम को संसद लाइब्रेरी भवन में आयोजित की जाएगी। 

विज्ञापन


राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा जब 17 विपक्षी दलों के एक साथ जुटने की उम्मीद की जा रही है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने सभी विपक्षी नेताओं को आमंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई।

इस बैठक में एनसीपी, द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस, सपा, नेशनल कांफ्रेंस, माकपा, भाकपा, राजद, झामुमो, आरएसपी, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। जदयू के बागी नेता शरद यादव और अली अनवर अंसारी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सपा के रामगोपाल यादव, तृणमूल के सुदीप बंदोपाध्याय सरीखे नेताओं के भी आने की उम्मीद है। 
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी पहले ही बता चुकी हैं कि वह कई अन्य व्यस्तताओं के कारण बैठक में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। विपक्षी दल सरकार को घेरने के लिए राष्ट्रपति अभिभाषण और बजट पर चर्चा के दौरान एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।

सरकार की ओर से लगातार मिल रही लोकसभा चुनाव की आहट को देखते हुए विपक्षी दल भी सक्रिय हो गए हैं। भाजपा विरोधी शक्तियों को एक मंच पर लाकर अपनी जमीन तैयार करने और आपसी तालमेल बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे।

विपक्ष की ओर से भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर सकते हैं। विपक्षी एकता के लिए कांग्रेस ने शुरू से ही सोनिया गांधी को आगे रखने का फैसला किया है ताकि विपक्ष के बड़े नेता नेतृत्व को लेकर असहज न महसूस करें।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें