BSF: बीएसएफ ने बांग्लादेशियों द्वारा भारत-बांग्लादेश सीमा पर किए जा रहे अवैध निर्माण को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। 2024 में ऐसे 80 मामले सामने आए हैं, जिसमें बीएसएफ ने कई बार अवैध निर्माण को रोका।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अपने क्षेत्रीय कमांडरों को आदेश दिया कि वह भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बांग्लादेशियों की ओर से किए जा रहे अवैध निर्माण को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। बीएसएफ से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 2024 में भारत-बांग्लादेश सीमा पर अवैध निर्माण की करीब 80 घटनाएं सामने आईं।
विज्ञापन
932 किमी लंबी सीमा की सुरक्षा करता है उत्तर बंगाल फ्रंटियर
बीएसएफ के उत्तर बंगाल फ्रंटियर ने 31 जनवरी को एक बयान जारी किया था, जिसमें बताया गया था कि हाल के समय में इसके क्षेत्राधिकार में अवैध निर्माण की घटनाएं बढ़ी हैं। उत्तर बंगाल फ्रंटियर 932 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा करता है और इसका मुख्यालय पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में है।
सीमा पार कर आया बांग्लादेशी डकैतों का समूह
फ्रंटियर ने बुधवार को एक ताजा बयान में बताया कि 4-5 फरवरी की रात को बांग्लादेशी अपराधियों के एक समूह ने अवैध रूप से भारत के दक्षिण दिनाजपुर जिले के मिलकपुर सीमा गांव में प्रवेश किया और बीएसएफ की एक पार्टी पर हमला किया। इस हमले में एक जवान और एक बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए। ये अपराधी तस्करी और डकैती के मकसद से सीमा पार आए थे।
विज्ञापन
बीएसएफ जवान ने आत्मरक्षा में चलाईं गोलियां
उत्तर बंगाल फ्रंटियर के प्रवक्ता ने बताया गया कि हमलावरों को रोकने के लिए बीएसएफ ने गैर-घातक गोलियां चलाईं, लेकिन वे अपनी आक्रामकता को जारी रखते हुए बीएसएफ पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहे थे। जब एक बीएसएफ जवान का हथियार छीनने की कोशिश की गई, तो उन्होंने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिससे हमलावर वापस अपनी सीमा में भाग गए।
सीमा कमांडरों को कड़ी निगरानी करने का आदेश
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद बीएसएफ ने अपने सभी सीमा कमांडरों को डेढ़ मीटर के दायरे में अवैध निर्माण को रोकने के लिए कड़ी निगरानी और कार्रवाई करने का आदेश दिया। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को सीमा के अग्रिम क्षेत्रों का नियमित दौरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अवैध निर्माण की कोशिशों को नाकाम कर चुका बीएसएफ
बीएसएफ ने पहले कहा था कि बांग्लादेश नागरिक और बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (बीजीपी) सीमा पर अवैध निर्माण करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बीएसएफ की चौकसी ने उनकी गतिविधियों को रोक दिया। हाल ही में बांग्लादेशी नागरिकों की ओर से मेखलिगंज और कूचबिहार में अवैध निर्माण की कोशिश की गई, जिसे बीएसएफ ने रोक दिया।