भारत-बांग्लादेश की सीमा पर संदिग्ध गो तस्करों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कमांडिंग अफसर पर हमला किया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रविवार और सोमवार की दरम्याना रात को दो बजे त्रिपुरा में हुई। घायल अधिकारी को इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 145वीं बटालियन की कमान संभाल रहे दीपक के मंडल त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में बेलारदेप्पा चौकी के पास रात को दो बजे गश्त लगा रहे थे। उसी समय उन लोगों ने एक ट्रक को आते देखा। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो ट्रक ड्राइवर ने मंडल को पीछे से टक्कर मार दी। उनके सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है।
ये भी पढ़ेंः त्रिपुरा में पत्रकार की हत्या, भीड़ ने घसीटकर मार डाला
उन्होंने बताया कि गो तस्करों के समूह में लगभग 25 लोग थे। उनके पास ईंटें, लाठी और कटार जैसे हथियार थे। जब उन्हें पेट्रोलिंग पार्टी ने चुनौती दी तो गो तस्करों ने उनकी घेराबंदी करने की कोशिश की। इसी दौरान गो तस्करों की ट्रक ने मंडल को धक्का मार दिया। हमलावर तस्करों को तितर-बितर करने के लिए उनके साथ चल रहे जवान ने अपनी एके 47 से पांच राउंड फायरिंग की। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।