क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज के चेयरमैन पर बीएससी की छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पिता के साथ देवरनियां थाने पहुंची छात्रा ने चेयरमैन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी और बताया कि डर के कारण वह कई दिन से कालेज नहीं गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि 5 अक्तूबर को कॉलेज के चेयरमैन ने उसे कार्यालय में बुलाया और अश्लील हरकतें कीं।
उसने डर से किसी को कुछ नहीं बताया तो चेयरमैन की हिम्मत और बढ़ गई और उसने अगले दिन फिर कार्यालय में बुलाकर गंदी हरकतें कीं। किसी तरह वह निकलकर भागी। डर से उसने कॉलेज जाना बंद कर दिया। जब पिता और मां ने पूछा तो उसने मां को घटना की जानकारी दी। पिता ने चेयरमैन को फोन कर शिकायत की तो उन्होंने उन्हें 12 अक्तूबर को मिलने के लिए कॉलेज बुलाया।
पीड़िता के पिता कॉलेज पहुंचे तो चेयरमैन की मां ने उनसे बदसलूकी की। इसके बाद पीड़िता के साथ वह थाने पहुंचे। उधर, थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उधर, चेयरमैन का कहना है कि छात्रा ने झूठे आरोप लगाए हैं। छात्रा के पिता से फोन पर बात हुई थी और उन्हें मिलने के लिए भी बुलाया था। पूरे मामले से एसएसपी को भी अवगत कराया है।