तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के बीच एक बार फिर जंग छिड़ गई है। बीआरएस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ अनुचित टिप्पणी वाले बैनर लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
बता दें, इन बैनर पर लिखा था कि बीआरएस विधायक मोहम्मद शकील आमिर लापता हैं। आमिर निजामाबाद जिले के बोधन विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इस पर बीआरएस नेता भड़क गए और सारे बैनर फाड़ दिए। साथ ही पुलिस से आरोपी भाजपा नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में कहा गया है कि कुछ अज्ञात भाजपा नेताओं ने एडापल्ली में बीआरएस विधायक शकील पर अनुचित टिप्पणी करने वाले बैनर लगाए हैं। इस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं, बीआरएस के एक नेता ने कहा कि आज जनता भाजपा के नाटक से तंग आ चुकी है। आज मैं बीजेपी नेता मोहन रेड्डी से पूछता हूं कि आप सिर्फ चावल मिल मालिकों की तरफ से ही क्यों बोलते हैं, किसानों की तरफ से क्यों नहीं? उन्होंने कहा कि हमारे विधायक ने हर दिन किसानों का समर्थन किया है।
उन्होंने आगे कहा कि मोदी या भाजपा हमारी फसल क्यों नहीं खरीद रहे हैं? भाजपा नेताओं को मोदी को इन क्षतिग्रस्त फसलों को खरीदने के लिए मनाना चाहिए। राज्य सरकार हमेशा किसानों का समर्थन करने के लिए एक तरह से काम करती है।