पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में जैश सरगना मसूद अजहर के भाई इब्राहिम अजहर को देखा गया है। सूत्रों के मुताबिक इब्राहिम अजहर अपने 15 आतंकी गुर्गों के साथ मरकज, सनान बिन सलमा, तरनब फार्म, पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग आतंकी कैंपों में देखा गया। खैबर पख्तूनख्वा के जमरूद इलाके में इनकी ट्रेनिंग हुई है।
इन 15 आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने के लिए खास तौर पर प्रशिक्षित किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरनाथ यात्रा को लेकर खुफिया सूचना के हवाले से आतंकी खतरे की बात कहते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें तीर्थयात्रियों को घाटी से जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी गई थी।
दोबारा नियंत्रण रेखा के पास पहुंचे आतंकवादी
खुफिया रिपोर्ट और सैटेलाइट तस्वीरों से भी पता चला है कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास मौजूद लॉन्च पैड में आतंकवादी वापस आ गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के बीच वाशिंगटन में पिछले हफ्ते हुई बैठक से पहले ये आतंकी एलओसी से चले गए थे। तब पाकिस्तान ने कहा था कि उसके देश ने आतंकियों के सभी लॉन्च पैड को हटा दिया है।
खुफिया रिपोर्ट देखने वाले सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'कुछ दिनों से हमें ऐसी रिपोर्ट्स मिली थीं कि लॉन्च पैड में भारत के अंदर घुसपैठ की तैयारी करने वाले कोई आतंकी मौजूद नहीं है। यह बहुत हैरान करने वाला था क्योंकि मई से अक्तूबर ऐसा समय है जब घुसपैठ की कोशिशें की जाती हैं।'
खान ने 22 जुलाई को ट्रंप के साथ मुलाकात की थी। जिसमें पहली बार पाकिस्तान के किसी प्रधानमंत्री के साथ सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा और खुफिया एजेंसी आईएसआई के मुखिया फैज हमीद साथ थे।