छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपनी प्रेमिका के साथ सैर करना एक युवक को काफी भारी पड़ गया। दरअसल, रास्ते में युवती के भाइयों ने उसे देख लिया और बीच सड़क पर जमकर कूटा। साथ ही, इलाके में दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल, इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
यह है पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, मोहदा के रतनपुर निवासी महेंद्र साहू ड्राइवर है और उसका एक लड़की के साथ अफेयर चल रहा है। 2 दिसंबर को महेंद्र ने अपनी प्रेमिका को घूमने चलने के लिए कहा तो वह भी राजी हो गई। उन्होंने रतनपुर घूमने का प्लान बनाया। इसके तहत महेंद्र अपने एक दोस्त के साथ युवती को लेने अमने मोड़ पहुंचा और युवती को भी स्कूटी पर भी बैठा लिया।
दोस्तों संग किए महामाया मंदिर के दर्शन
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद महेंद्र दो अन्य दोस्तों के साथ महामाया मंदिर के दर्शन करने चला गया। इस दौरान महेंद्र काफी देर तक अपनी प्रेमिका के साथ घूमता रहा। बताया जा रहा है कि जब युवक युवती को वापस छोड़ने जा रहा था, तब युवती के भाई ने उन्हें देख लिया।
युवती के भाइयों ने जमकर पीटा
बताया जा रहा है कि युवती के भाई सुभाष यादव ने अपने दोस्त छोटू के साथ मिलकर महेंद्र को रास्ते में रोक लिया। साथ ही, अपने बाकी साथियों को भी मौके पर बुला लिया। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने प्रेमी महेंद्र को बेल्ट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि महेंद्र के गले, चेहरे और कूल्हे पर काफी चोटें लगी हैं।