ब्रिटिश संसद में पाकिस्तानी एजेंडा चला रहे सांसद एंड्रयू ग्वेने को जम्मू-कश्मीर वर्कर पार्टी (जेकेडब्ल्यूपी) के अध्यक्ष मीर जुनैद ने करारा जवाब दिया है। ग्वेने लंबे समय से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करते रहे हैं। जेकेडबब्ल्यूपी अध्यक्ष मीर जुनैद ने कहा, एक कश्मीरी मुस्लिम होने के नाते साफ करना चाहते हैं कि वहां पाकिस्तान के आईएसआई समर्थित आतंकियों ने मानवाधिकारों का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी आतंकियों ने औरतों से दुष्कर्म किया और अनगिनत हत्याएं कीं।
कश्मीर के अल्पसंख्यकों का कत्लेआम किया और युवा पीढ़ी को बर्बाद किया, लेकिन इस पर चर्चा नहीं होती। एंड्रयू ग्वेने को मानवाधिकारों की चिंता होती तो वे पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले बलोचिस्तान, पीओके और चीन के जिनजियांग की भी बात करते। उन्हें डर भारत की ब्रिटिश प्रभाव से मुक्त राजनीतिक, आर्थिक, विदेश नीति से है।
भारत जाएं ग्वेने : लॉर्ड रामिंदर
ब्रिटिश सांसद लॉर्ड रामिंदर सिंह रेंजर ने कहा, कश्मीर और भारत के बारे में सही जानकारी चाहिए तो ग्वेन को भारत जाना चाहिए, जहां कानून का शासन राजव्यवस्था के केंद्र में है और समानता संविधान प्रदत्त है। सही जानकारी के अभाव में कुछ लोग पाकिस्तान के समर्थन से धर्म की आड़ में अपने साथी नागरिकों के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाते हैं।