फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: पुणे में संक्रमितों की संख्या एक लाख के करीब, आज 2331 नए मामले, 46 मौतें

Thu, 06 Aug 2020 12:31 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश और दुनिया की ताजा खबरें जानने के लिए जुड़े रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
corona - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:46 PM, 05-Aug-2020

असम: सोनितपुर में बाइक रैली के दौरान भिड़े दो समुदाय, धार 144 लागू

असम के सोनितपुर जिले में एक बाइक रैली के दौरान रात 10 बजे के करीब दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में धारा 144 लागू की गई है।

11:34 PM, 05-Aug-2020

मुंबई: एनडीआरएफ की टीम ने सभी 55 यात्रियों को बाहर निकाला

मुंबई में बारिश के चलते रेलवे ट्रैक में पानी भर जाने से मस्जिद और भायखाला रेलवे स्टेशनों के बीच दो ट्रेनें फंस गईं। इनमें फंसे सभी 55 यात्रियों को एनडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाल लिया है। -सत्य प्रधान, एनडीआरएफ के महानिदेशक

11:24 PM, 05-Aug-2020

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मुर्मू ने दिया इस्तीफा

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश मुर्मू ने इस्तीफा दे दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने ऑल इंडिया रेडियो के हवाले से यह खबर दी है। उन्होंने अक्तूबर में 2019 में पदभार संभाला था।




 

विज्ञापन
10:52 PM, 05-Aug-2020

जेजे अस्पताल में पानी घुसा
महाराष्ट्रः मुंबई में आज शाम लगातार बारिश होने की वजह से बाद जेजे अस्पताल में पानी घुस गया।

झारखंड में 978 नए मामले, सात की मौत
झारखंड में आज कोरोना के 978 नए मामले सामने आए, 584 लोग ठीक हुए और सात लोगों की मौत हो गई। राज्य में इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 15,048 हो गई है, जिनमें 9,086 मामले सक्रिय हैं, 5826 लोग ठीक हो चुके हैं और 136 लोगों की मौत हो चुकी है। 

पुणे में संक्रमितों की संख्या एक लाख के करीब, आज 2331 नए मामले, 46 मौतें
महाराष्ट्रः पुणे में आज कोरोना संक्रमण के 2331 नए मामले सामने आए और 46 लोगों की मौत हो गई। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 97, 309 हो गई है। इनमें 68,775 लोग ठीक हो चुके हैं और 2231 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल, यहां सक्रिय मामलों की संख्या 26,274 है।

10:22 PM, 05-Aug-2020

एनडीआरएफ की टीम लोगों का रेस्क्यू करते हुए
मुंबई: भारी बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक में पानी भर जाने से मस्जिद और भायखाला रेलवे स्टेशनों के बीच दो ट्रेनें फंस गईं। एनडीआरएफ की टीम 40 लोगों को निकाला।
बिहार के 16 जिलों की 63.60 लाख आबादी बाढ से प्रभावित
बिहार के 16 जिलों की 6360424 आबादी बाढ से प्रभावित हुए हैं। वहीं, 418490 लोगों को अबतक सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है।

विज्ञापन
10:01 PM, 05-Aug-2020

पीएम मोदी ने की महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण उत्पन्न हुई स्थिति के बारे में बात की। पीएम ने हर संभव सपोर्ट का आश्वासन दिया : प्रधानमंत्री कार्यालय
   

पश्चिम बंगाल में कोरोना के 2816 मामले, 61 लोगों की मौत 
पश्चिम बंगाल में आज कोरोना के 2816 नए मामले सामने आए और 61 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 83,600 हो गई है। वहीं, कोरोना के कारण 1,846 लोगों की मौत हो गई।

09:36 PM, 05-Aug-2020

'राम लला हम आएंगे, मंदिर भव्य बनाएंगे।'
राजस्थान: राज्य भाजपा कार्यालय में राम मंदिर भूमि पूजा का उत्सव मनाया गया। भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा, 'आंदोलन का आगाज 'राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' से हुआ था। आज ये नारा बदला है 'राम लला हम आएंगे, मंदिर भव्य बनाएंगे।' ये सब संभव हो पाया एक योग्य नेतृत्व में।'

भारत और भारतीयों के लिए गर्व का क्षण
अमेरिका में भारतीय कितने सफल हैं कि हमारे राम मंदिर और तिरंगा दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित स्क्रीन पर है। यह भारत और भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है: जगदीश सिहानी, अमेरिकी भारत लोक मामलों की समिति के अध्यक्ष
 

09:13 PM, 05-Aug-2020

गोवा में आज कोरोना के 348 नए मामले
गोवा में आज कोरोना के 348 नए मामले सामने आए और 173 लोग ठीक हुए। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 7423 हो गई है, इनमें से 2072 मामले सक्रिय हैं, 5287 लोग ठीक हो चुके हैं और 64 लोगों की मौत हो चुकी है। 

राजस्थान में आज कोरोना के 1166 नए मामले, 13 की मौत
राजस्थान में आज कोरोना के 1166 नए मामले सामने आए और 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, आज 1017 लोग ठीक भी हुए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 47,845 हो गई है। इनमें 33,849 लोग ठीक हो चुके हैं, 13251 मामले सक्रिय हैं और अब तक 745 लोगों की मौत हो चुकी है।  

आशा है कि अब बेहतर जांच हो सकेगी और न्याय मिल सकेगा-नीतीश कुमार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, स्व. सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा पटना में दर्ज कराए गए मामले की सीबीआई जांच कराने हेतु राज्य सरकार की अनुशंसा को केंद्र ने स्वीकार कर लिया है। इसके लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद। आशा है कि अब बेहतर जांच हो सकेगी और न्याय मिल सकेगा।
 

09:09 PM, 05-Aug-2020

मध्यप्रदेश में 652 नए मामले, 17 लोगों की मौत
मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 652 नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 35,734 हो गई है।

तृणमूल कांग्रेस के पार्षद की कोरोना से मौत
पश्चिम बंगाल स्थित उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुभाष बोस की कोरोना वायरस संक्रमण के कारण बुधवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बिहार में कोरोना के 2701 नए मामले, 20 की मौत
बिहार में कोरोना वायरस के कारण 20 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बुधवार को 369 हो गई। कोविड-19 के 2701 नए मामले सामने आने से राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढकर 64732 हो गयी है ।

गुजरात में कोरोना के मामले 66 हजार के पार
गुजरात में कोरोना वायरस से 1073 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बुधवार को कुल मामले 66 हजार के पार चले गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिन में कोरोना वायरस से संक्रमित 23 और लोगों ने दम तोड़ दिया है। अब मृतकों की संख्या 2,557 हो गई है।

08:41 PM, 05-Aug-2020

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10128 नए मामले
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,128 नए मामले सामने आए। यहां कुल मामलों की संख्या 1,86,461 हो गई है, जिसमें 1,04,354 ठीक और 1,681 मौतें शामिल हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 80,426 है।

भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में पूजा और आरती की
अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के शुभ अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में पूजा और आरती की। 


श्री राम भाजपा की संपत्ति नहीं हैं- कांग्रेस नेता शशि थरूर
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, श्री राम भाजपा की संपत्ति नहीं हैं। वह ऐसे आदर्श रहे हैं, जिनकी छवि करोड़ों लोगों के मन में है। गांधी जी ने शरीर छोड़ते समय भी हे राम कहा था। वह राम राज्य की बात करते थे, जहां शांति और समृद्धि हो। उनके नाम को हाइजैक नहीं किया जा सकता।
 

एनआईए ने छत्तीसगढ़ के विधायक भीमा मंडावी की हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार
दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ के विधायक भीमा मंडावी (अप्रैल 2019) की हत्या के मामले में आरोपी हरिपाल सिंह चौहान को एनआईए ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया: एनआईए

08:31 PM, 05-Aug-2020

मुंबई में कोरोना के 1125 नए मामले, 42 की मौत
मुंबई में आज कोरोना के 1125 नए मामले सामने आए और 42 लोगों की मौत हो गई। वहीं, आज 711 लोग ठीक भी हुए। शहर में कुल मामलों की संख्या 1,19,255 हो गई। इनमें 91,673 लोग ठीक हो चुके हैं और 20697 मामले सक्रिय हैं और 6588 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। 

ईडी ने रिया चक्रवर्ती को समन जारी किया
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिया चक्रवर्ती को समन जारी किया। उसे सात अगस्त को मुंबई कार्यालय में एजेंसी के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
 
 

बेरुत में दो हफ्ते के लिए इमर्जेंसी लागू कर दिया जाना चाहिए
लेबनान कैबिनेट ने आपातकालीन बैठक बुलाई और कहा कि बेरुत में दो हफ्ते के लिए इमर्जेंसी लागू कर दिया जाना चाहिए। साथ ही विस्फोट के लिए अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की। लेबनान की राजधानी बेरूत में बंदरगाह के पास हुए विशाल विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 113 हो गई हैः लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री हमाद हसन
 

 

चीन को जम्मू-कश्मीर से कोई लेना-देना नहीं है -विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने चीन को लताड़ लगाते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर का उससे कोई लेना-देना नहीं है इसलिए कोई भी टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। यह भारत का आंतरिक मामला है। 
 

 

08:14 PM, 05-Aug-2020

मणिपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 75 नए मामले
मणिपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 75 नए मामले सामने आए। इसके बाद यहां कुल मामलों की संख्या 3093 हो गई है। इनमें 1224 मामले सक्रिय हैं, 1862 ठीक हो चुके हैं और सात लोगों की मौत हो चुकी है।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर बिलबोर्ड पर कुछ यूं दिखा नजारा
अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन की खुशी अमेरिका में भी दिखी। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर बिलबोर्ड पर कुछ यूं दिखा नजारा।
 
 

08:04 PM, 05-Aug-2020

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 10309 नए मामले, 334 लोगों की मौत 
महाराष्ट्र में आज कोरोना संक्रमण के 10,309 नए मामले सामने आए और 334 लोगों की मौत हो गई। वहीं, आज 6165 लोग ठीक भी हुए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 4,68,265 हो गई है। इनमें 1,45,961 मामले सक्रिय हैं, 3,05,521 लोग ठीक हो चुके हैं और  16,476 लोगों की मौत हो चुकी है। 


पंजाब में 894 नए मामले, 29 की मौत
पंजाब में आज कोरोना के 894 नए मामले सामने आए और 29 लोगों की जान चली गई। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 19,856 हो गई है। इनमें 6,422 मामले सक्रिय हैं, 491 लोगों की मौत हो चुकी है और 12943 लोग ठीक हो चुके हैं। 
 

07:56 PM, 05-Aug-2020

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में 5619 नए मामले, 100 लोगों की मौत 
कर्नाटक में बीते 24 घंटे में 5619 नए मामले सामने आए और 100 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 1,51,449 हो गई है। इनमें 74,679 लोग ठीक हो चुके हैं और 2804 लोगों की मौत हो चुकी है।

कमलनाथ के आवास पर राम दरबार का आयोजन
भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने राम मंदिर भूमि पूजन के अवसर पर अपने आवास पर राम दरबार का आयोजन किया।
कांग्रेस का सेकुलरिज्म के बारे में कोई स्टैंड नहीं-केरल के सीएम
केरल के सीएम पिनराई विजयन ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस का सेकुलरिजम के बारे में कोई स्टैंड है। राहुल और प्रियंका के बारे में भी कुछ नया नहीं है। वे सॉफ्ट हिंदुत्व का एजेंडा अपनाते हैं। राजीव गांधी और नरसिम्हा राव भी ऐसा ही करते थे।'


केंद्र ने सुशांत मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने के निर्देश दिए
केंद्र सरकार ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी।
महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात
महाराष्ट्र में भारी बारिश के मद्येनजर एनडीआरएफ की 15 टीमों को तैनात किया जा रहा है। कोल्हापुर में 4 टीमें, सांगली में 2 टीमें, मुंबई में 5 टीमें और सतारा, ठाणे, पालघर और नागपुर में एक-एक टीमें को तैनात किया गया है: एनडीआरएफ

07:39 PM, 05-Aug-2020

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'दीपोत्सव' मनाया और पटाखे भी जलाए।
 

पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया
जम्मू-कश्मीरः पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की।

भारी बारिश की वजह से दो लोकल ट्रेनें फंसीं
मुंबई में भारी बारिश की वजह से मस्जिद और बाइकुला स्टेशन के बीच दो लोकल ट्रेनें फंस गईं। 150 लोगों को निकाला गया है और अभी 100 से 120 लोग फंसे हुए हैं: एनडीआरएफ 

उत्तराखंड में आज कोरोना के 246 नए मामले
उत्तराखंड में आज कोरोना के 246 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल संख्या बढ़कर 8254 हो गई है।

सीएम ने बीएमसी से अलर्ट रहने को कहा 
भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने बीएमसी से अलर्ट रहने को कहा है। मौसम विभाग ने कल के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी दी है और लोगों से अपील की है कि घर पर ही रहें।

07:17 PM, 05-Aug-2020

विदेश से आने वालों को राज्य सरकार प्रति महीने पांच हजार रुपये की मदद देगी
केरल के जो लोग विदेश में काम करते थे और कोविड की वजह से वापस आना पड़ा। राज्य सरकार उन्हें प्रति महीने पांच हजार रुपये की मदद देगी। सरकार ने इसके लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

अयोध्या: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने अयोध्या में सरयू घाट पहुंचकर पूजा की

07:01 PM, 05-Aug-2020

कैबिनेट ने सेबी के अध्यक्ष अजय त्यागी के कार्यकाल को बढ़ाने की मंजूरी दी  
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के अध्यक्ष अजय त्यागी के कार्यकाल को 18 महीन के लिए आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब उनका कार्याकल 28 फरवरी, 2022 तक है।
 

बंगलूरू के इन क्षेत्रों में रेड अलर्ट की घोषणा
भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सीएस पाटिल ने उडुपी, दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, चिकमगलूर, शिवमोग्गा, कोडागु और हसन में पिछले दो-तीन दिनों से भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट की घोषणा की है।

सुशांत सिंह राजपूत केसः आज ईडी ने रिया चक्रवर्ती के सहयोगी सैमुएल मिरांडा से पूछताछ की
 

06:42 PM, 05-Aug-2020

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 1076 मामले, 11 लोगों की मौत
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1076 मामले सामने आए और 11 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 140232 हो गई है। इनमें 126116 लोग ठीक हो चुके हैं, 10072 सक्रिय मामले हैं और 4044 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अब तक कुल 10,99,882 टेस्ट हुए हैं। 

जम्मू और कश्मीर में कोरोना के 559  नए मामले
जम्मू और कश्मीर में कोरोना के 559  नए मामले सामने आए हैं। इनमें से  जम्मू से 96 और कश्मीर से 463 मामले हैं। यहां कुल मामलों की संख्या 22955 है। इनमें से 7285 सक्रिय मामले और 426 मौतें शामिल हैं।

यह मंदिर सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय एकता और वसुधैव कुटुंबकम के प्रतीक के रूप में स्थापित होगा
प्रदेश एवं देशवासियों को प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह मंदिर सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय एकता और वसुधैव कुटुंबकम के प्रतीक के रूप में स्थापित होगा। माननीय न्यायालय के फैसले, आम सहमति और जन भावना के अनुरूप यह कार्य आज परिणति रूप ले रहा है। मैं राम मंदिर आंदोलन से जुड़े करोड़ों संतो सभी नागरिकों और विशेष रूप से माननीय प्रधानमंत्री जी को बधाई तथा धन्यवाद देता हूं :राजस्थान राज्यपाल कलराज मिश्र

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने की समीक्षा
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने और तैयार रहने का निर्देश दिया क्योंकि मौसम विभाग ने कल शहर में भारी बारिश का अनुमान लगाया हैः सीएम कार्यालय

06:34 PM, 05-Aug-2020

केरल में कोरोना के 1195 नए मामले, सात की मौत
केरल में आज कोरोना के 1195 नए मामले सामने आए और सात लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 11167 हो गई है। 

राम-सीता के माध्यम से जुड़े दोनों देशों के बीच गहरा और मजबूत संबंध-  एन आचार्य
भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास किया। राम-सीता के माध्यम से जुड़े दोनों देशों के बीच गहरा और मजबूत संबंध है। राम-जानकी ने आधुनिक समय में रिश्ते को और अधिक मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया: एन आचार्य, भारत में नेपाल के राजदूत
 

एनडीआरएफ ने वर्तमान मानसून सत्र में देश भर में 247 व्यक्तियों को बचाया है
एनडीआरएफ ने वर्तमान मानसून सत्र में देश भर में 247 व्यक्तियों को बचाया है, 14 हजार से अधिक व्यक्तियों और 297 पशुओं को निकाला गया है और 40 जरूरतमंद व्यक्तियों को चिकित्सा सहायता प्रदान की है: एनडीआरएफ

06:12 PM, 05-Aug-2020

महाराष्ट्र: मुंबई में छह अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान
महाराष्ट्र: मुंबई में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं... महालक्ष्मी रेस कोर्स का दृश्य। मौसम विज्ञान विभाग ने छह अगस्त तक शहर में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
 

पोर्ट-विला के में वानुअतु में भूकंप के झटके, तीव्रता 6.2 मापी गई
पोर्ट-विला से 187 किमी उत्तर में वानुअतु में 5:35 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी की तीव्रता 6.2 मापी गई।
 

तमिलनाडु में आज कोरोना के 5175 नए मामले, 112 लोगों की मौत
तमिलनाडु में आज कोरोना के 5175 नए मामले सामने आए और 112 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 2,73,460 हो गई है। इनमें 54,184 मामले सक्रिय हैं, 4461 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,14,815 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।     

06:01 PM, 05-Aug-2020

पीएम मोदी की मां हेराबेन ने राम मंदिर 'भूमि पूजन' का लाइव टेलीकास्ट देखा
गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हेराबेन ने आज गांधीनगर में अपने निवास पर राम मंदिर 'भूमि पूजन' का लाइव टेलीकास्ट देखा।
 

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने एसएचओ से मांगी डीटेल
दिल्ली में कल एक 12 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पश्चिम विहार एसएचओ से डीटेल मांगी है। बता दें कि बच्ची को संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उसके बाद उसे वहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया।

05:42 PM, 05-Aug-2020

गोवा पहुंचने वाले सभी यात्रियों को 14 दिन का होम क्वारंटीन
कोरोना महामारी के मद्येनजर गोवा पहुंचने वाले सभी यात्रियों को 14 दिन होम क्वारंटीन या अपने खर्च पर इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन रहना होगा। गोवा में एयरलाइन से आने वाले उन्हीं लोगों को होम क्वारंटीन से छूट मिलेगी जो आईसीएमआर प्रमाणित लैब का कोविड निगेटिव सर्टिफिकेट देंगे। यह सर्टिफिकेट 48 घंटे से पुराना नहीं होना चाहिए।
 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को स्मृति-चिन्ह स्वरूप प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट की
आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन एवं कार्यारंभ के पावन कार्यक्रम में पधारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने स्मृति-चिन्ह स्वरूप, प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट की। 
 

कोरोना से ठीक होने की दर 67.19 फीसदी, मृत्यु दर 2.09 फीसदी हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना से एक दिन में सबसे ज्यादा पिछले 24 घंटे में कुल 51,706 लोग ठीक हो गए। इससे बुधवार को संक्रमण से ठीक होने की दर 67.19 फीसदी हो गई और मृत्यु दर गिरकर 2.09 फीसदी हो गई।

05:38 PM, 05-Aug-2020

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि, राजस्थान पहला राज्य है, जिसने कोरोना वॉरियर्स के रूप में काम कर रहे सरकारी और गैर-सरकारी कार्मिकों की चिंता करते हुए उन्हें 50 लाख रूपए के बीमा कवर की सुविधा प्रदान की है। नगरीय निकायों के कार्मिकों के प्रकरणों में भी यह बीमा कवर राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी समर्पण भाव से कार्य करें। कोविड-19 की विकट चुनौती से निपटने में सरकारी और गैर-सरकारी कार्मिकों का तन-मन-धन से जो सहयोग सरकार को मिला है उसी का परिणाम है कि राजस्थान कोरोना की जंग में देश में सबसे आगे खड़ा है। कोरोना से लड़ाई अभी लंबी चलेगी, लेकिन आर्थिक गतिविधियों को पटरी पर लाना जरूरी है।
 
 

05:33 PM, 05-Aug-2020

जम्मू और कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने उन 38 पुलिस कर्मियों को छात्रवृत्ति प्रदान की है, जिन्होंने हिंसा/ आतंकवादी-संबंधी घटनाओं में अपनी जान गवाई: जम्मू और कश्मीर पुलिस
 

05:18 PM, 05-Aug-2020

मुंबई के धारावी में 77 सक्रिय मामले
मुंबई के धारावी में आज कोरोना का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। यहां कुल मामलों की संख्या 2589 हो गई है, जिसमें 77 सक्रिय मामले और 2254 ठीक शामिल हैं।

चेन्नई हवाई अड्डे पर 731 ग्राम सोना जब्त 
चेन्नई हवाई अड्डे पर 731 ग्राम सोना जब्त किया गया। जब्त सोने की कीमत लगभग 34.5 लाख रुपये है। 

मिजोरम में संक्रमितों की संख्या 504
मिजोरम में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 504 हो गई है। इनमें 286 लोग ठीक हो चुके हैं और 218 मामले सक्रिय हैं। 

अंडमान में कोरोना से आठ वर्षीय बच्चे की मौत
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बुधवार को कोविड-19 से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस केन्द्र शासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से किसी बच्चे की मौत का यह पहला मामला है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी

नेपाल के बगलामुखी इलाके में भूकंप के झटके
नेपाल में ललितपुर जिले के बगलामुखी इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 मापी गई।
 

04:57 PM, 05-Aug-2020

एसपीजी के पूर्व निदेशक और ओडिशा के पूर्व डीजीपी श्याम नारायण तिवारी का निधन
विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के पूर्व निदेशक और ओडिशा के पूर्व डीजीपी श्याम नारायण तिवारी का आज निधन हो गया। एक निजी अस्पताल में उन्होंने 81 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।
भगवान राम को सभी से प्यार है-कांग्रेस नेता आनंद शर्मा
राम मंदिर पर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा, पिछले कई सालों से लोगों की ये मांग थी। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का खुले दिल से स्वागत किया था। भगवान राम को सभी से प्यार है और वह किसी भी राजनीतिक विचार से ऊपर हैं। राजनीति और विश्वास को अलग रखना चाहिए।

जहरीली शराब से जुड़ी सभी जानकारियां निकालें और कड़ी कार्रवाई करें-  कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, तरनतारन, अमृतसर, गुरदास पुर के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहरीली शराब से जुड़ी सभी जानकारियां निकालें और कड़ी कार्रवाई करें। बिना किसी डर और पक्षपात के यह काम किया जाना है। पुलिस रिपोर्ट करे कि उनके जिले में सफाई हो गई है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने ओपन बुक परीक्षा मामले में आज अपना फैसला सुरक्षित रखा
दिल्ली हाई कोर्ट ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए ओपन बुक परीक्षा मामले में आज अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
 

नदियों के किनारे रहने वाले लोग जरूरत पड़ने पर 0233-2301820/2302925 संपर्क करें
महाराष्ट्रः कोल्हापुर जिला कलेक्टर दौलत देसाई ने कहा है कि लगातार बारिश के कराण राजाराम बांध का जल स्तर 39 फीट के खतरे के निशान को पार करने की संभावना है। पंचगंगा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को कोल्हापुर में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की सलाह दी गई है। वहीं, सांगली प्रशासन ने कहा है कि नदियों के किनारे रहने वाले लोग जरूरत पड़ने पर 0233-2301820/2302925 संपर्क करें। लगातार बारिश की वजह से नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है और ऐसे में बाढ़ आने की संभावना है।

04:43 PM, 05-Aug-2020

दिशा सालियान की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक पीआईएल दाखिल की गई है, जिसमें कहा गया है कि दोनों मौतें आपस में जुड़ी हुई हैं। 
 

सुमित्रा महाजन ने इंदौर में भाजपा ऑफिस में राम मंदिर का भूमि पूजन लाइव देखा
मध्य प्रदेशः पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इंदौर में भाजपा ऑफिस में राम मंदिर का भूमि पूजन लाइव देखा। पूजा-अर्चना भी की।
 
लगातार दूसरे दिन कोरोना के छह लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
भारत में लगातार दूसरे दिन कोरोना के छह लाख से ज्यादा नमूनों की जांच गई है। देश में अब तक 2,14,84,402 जांच की जा चुकी है। प्रति दस लाख आबादी पर 15,568 जांच की जा रही है। देश में प्रयोगशाला की संख्या भी बढ़ाई गई है। 

मोबाइल कोरोना टेस्टिंग लैब का उद्घाटन
कर्नाटक: राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ के सुधाकर ने राज्य की पहली भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा अनुमोदित मोबाइल कोरोना टेस्टिंग लैब का उद्घाटन किया।
 

04:16 PM, 05-Aug-2020

नीतीश कुमार ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया।
 
भारत और दुनिया भर के कई लोग सदियों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, यह एक ऐतिहासिक दिन है। पीढ़ियों के बलिदान, प्रतीक्षा और धैर्य के बाद आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है। भारत और दुनिया भर के कई लोग सदियों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे।

आज का दिन बहुत एतिहासिक है- हर्षवर्धन
अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास के बाद केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन अपने निवास पर मिठाई बांटे। उन्होंने कहा कि हम लोग तो यह सोचते हैं कि हम लोग बहुत भाग्यशाली हैं जिस संघर्ष को 500 सालों से किया जा रहा था। जिस संघर्ष में हिन्दुस्तान के हजारों लाखों लोगों की आहुति डली है, उस सपने को साकार होते देखने का हमें भी सौभाग्य मिला है। आज का दिन बहुत ऐतिहासिक है।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के परिवार ने पांच-पाच लाख रुपये दान किए
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के परिवार ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और कोरोना से लड़ाई के लिए पांच-पाच लाख रुपये दान किए हैं।

असम: तिनसुकिया और माकुम नगर में लगा पूर्ण लॉकडाउन
असम: तिनसुकिया और माकुम नगर बोर्डों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पू्र्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। आज शआम छब बजे से 12 अगस्त की शाम छब बजे तक यह लागू रहेगा। 

03:56 PM, 05-Aug-2020

आज हिंदुत्व जीत गया- ओवैसी
अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, भारत एक पंथनिरपेक्ष देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम ऑफिस की शपथ तोड़ी है। आज लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता की हार हुई है और हिंदुत्व जीत गया है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि वह आज भावुक थे। मैं कहना चाहता हूं कि मैं भी बराबर भावुक हूं क्योंकि मैं लोगों की बराबरी में विश्वास करता हूं। मैं इसलिए भावुक हूं क्योंकि 450 सालों तक वहां मस्जिद थी। ओवैसी ने आगे कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए कांग्रेस समान रूप से जिम्मेदार है। ये धर्मनिरपेक्ष दल पूरी तरह से उजागर हो चुके हैं।

03:42 PM, 05-Aug-2020

विश्व के अनेक लोग आज बहुत खुश हैं- प्रकाश जावड़ेकर
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, आज पूरा देश और विश्व के अनेक लोग आज बहुत खुश हैं, क्योंकि 500 साल से जो विवाद चल रहा था वो शांतिपूर्ण ढंग से कैसे समाप्त किया जा सकता है, इसका उदाहरण आज भारत ने पेश किया है। श्री राम के भव्य मंदिर का शिलान्यास आज हुआ है।

दुनिया में भारत की यश और कीर्ति का प्रतिक भी बनेगा राम मंदिर- योगी आदित्यनाथ
राम जन्मभूमि पर श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री जी का अयोध्या में आगमन हुआ, जब पांच सौ वर्षों का इंतजार खत्म हो रहा था। मैं इसके लिए प्रदेशवासियों की तरफ से आभार व्यक्त करता हूं। ये मंदिर न केवल श्री राम की यश और कीर्ति का प्रतिक बनेगा, अपितु दुनिया में भारत की यश और कीर्ति का प्रतिक भी बनेगा : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की परिवार के साथ भगवान श्री राम की पूजा
श्री राम जन्मभूमि शिलान्यास के समय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में अपने घर पर परिवार के साथ भगवान श्री राम की पूजा की। 
 

500 साल पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया-अनिल विज
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा, 500 साल पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। दशकों पुरानी कड़ी मेहनत लंग लाई। मैं हर भारतीय को बधाई देता हूं।
 
महबूबुल्लाह गफरी के कम से कम 12 करीबी लोगों के मारे जाने की खबर
अफगानिस्तान में बागलान के प्रांतीय परिषद के पूर्व सदस्य महबूबुल्लाह गफरी के कम से कम 12 करीबी लोग बुधवार सुबह बागलान-समंगन हाईवे पर तालिबान के हमले में मारे गए थे। गफरी ने पुष्टि की: टोलो समाचार

03:35 PM, 05-Aug-2020

जम्मू और कश्मीरः कोरोना महामारी के चलते स्वतंत्रता दिवस के लिए 'एट होम' समारोह राज भवन द्वारा आयोजित किया जाएगा। 

डीएमके के विधायक सेल्वम ने चेन्नई में भाजपा कार्यालय का दौरा किया
तमिलनाडु: डीएमके के विधायक कु का सेल्वम ने चेन्नई में भाजपा कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने कहा, 'डीएमके अब एक परिवार की पार्टी के रूप में कार्य करती है।' बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात करने के एक दिन बाद द्रमुक ने बुधवार को अपने विधायक कू का सेल्वम को पार्टी से निलंबित करने के साथ ही उन्हें पार्टी पदों से भी हटा दिया।

03:17 PM, 05-Aug-2020

असम के सीएम बोले- राम मंदिर की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राम मंदिर भूमिपूजन समारोह के संपन्न होने पर कहा कि 'आज देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है, सदियों से देशवासियों को इसी का इंतजार था कि भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हो। मुझे लगता है कि देश में शांति व्यवस्था और इंसानियत की भावनाओं को मजबूत बनाने में राम मंदिर की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।'
 

03:11 PM, 05-Aug-2020

केरल सोने की तस्करी मामले में तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए ईडी की हिरासत में भेजा

केरल सोने की तस्करी मामले में एर्नाकुलम के प्रधान सत्र न्यायालय ने आरोपी सरिथ पीएस, स्वप्ना सुरेश और संदीप नायर को पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सात दिनों की हिरासत में भेज दिया है।
 

02:49 PM, 05-Aug-2020

पुदुचेरी में 286 नए मामले सामने आए

पुदुचेरी में 286 नए कोरोना पॉजिटिव मामले और सात मौतें दर्ज की गईं हैं। इसके बाद केंद्रशासित प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 4,432 हो गई है। जिसमें से 1,721 सक्रिय मामले हैं, 2,646 लोग संक्रमण मुक्त हो गए हैं और अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है।

02:47 PM, 05-Aug-2020

रिया चक्रवर्ती फरार है- डीजीपी बिहार

गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि 'रिया चक्रवर्ती हमारे संपर्क में नहीं हैं। वह फरार है, वह आगे नहीं आ रही है। हमें मुंबई पुलिस के संपर्क में होने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।'
 

02:44 PM, 05-Aug-2020

बिहार के डीजीपी ने बीएमसी से आईपीएस विनय तिवारी को क्वारंटीन से छोड़ने को कहा

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि  'हमने बीएमसी से अनुरोध किया कि आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को छूट दी जाए। हमने उनसे कहा कि वह कम से कम उन्हें वापस भेजें क्योंकि वह एक आईपीएस अधिकारी है। यह एक पेशेवर व्यवहार नहीं है। अधिकारी को ऐसे रखा जा रहा है जैसे कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।'

01:42 PM, 05-Aug-2020

भूमिपूजन के बाद पीएम मोदी का संबोधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर भूमिपूजन के बाद लोगों को संबंधित कर रहे हैं। पीए मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि 'आज श्रीराम का यह जयघोष सिर्फ सियाराम की धरती में ही नहीं सुनाई दे रहा, इसकी गूंज पूरे विश्व में है। सभी देशवासियों को, विश्व में फैले करोड़ों राम भक्तों को आज के इस सुअवसर पर कोटि-कोटि बधाई।' 

'ये मेरा सौभाग्य है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुझे आमंत्रित किया, इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने का अवसर दिया। मैं इसके लिए हृदय पूर्वक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का आभार व्यक्त करता हूं।'

01:34 PM, 05-Aug-2020

'श्री राम जन्मभूमि मंदिर' पर स्मारक डाक टिकट जारी

अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'श्री राम जन्मभूमि मंदिर' पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया।
 

01:24 PM, 05-Aug-2020

राष्ट्रपति ने राम मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर देशवासियों को बधाई दी

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राम मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया 'राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, राम राज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।'


 

12:57 PM, 05-Aug-2020

सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को तीन दिनों के अंदर अपना जवाब दाखिल करने को कहा

सुप्रीम कोर्ट में आज रिया चक्रवर्ती की याचिका पर सुनवाई की। इस याचिका में जांच पटना से मुंबई जांच ट्रांसफर करने के लिए कहा गया है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को तीन दिनों के अंदर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। एक हफ्ते बाद मामले में आगे सुनवाई होगी।

इससे पहले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि केंद्र सरकार ने सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सीबीआई जांच करने के बिहार सरकार के अनुरोध को मान लिया है।
 

12:49 PM, 05-Aug-2020

सुशांत के पिता के वकील बोले- एसपी को क्वारंटीन सबूतों को नष्ट करने के लिए किया गया

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सुशांत सिंह राजपूत के पिता के वकील विकास सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय को बताया कि मुंबई में बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटीन केवल सबूत नष्ट करने के लिए किया गया है। उन्होंने मामले में बिहार पुलिस का सहयोग करने के लिए मुंबई पुलिस को निर्देश देने की भी अपील की।
 

12:47 PM, 05-Aug-2020

हिमाचल प्रदेश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 2879 हुई

हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,879 हो गई है। जिसमें 12 मौतें और 1714 ठीक हो चुके मामले शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई है।

12:41 PM, 05-Aug-2020

अयोध्या: राम मंदिर के भूमिपूजन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन समारोह चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में शामिल हैं। भूमिपूजन करवा रहे पुजारी ने बताया कि "यहां नौ ईंटें रखी गई हैं ... इन्हें 1989 में दुनिया भर के भगवान राम के भक्तों ने भेजा था। ऐसी ईंटों की संख्या 2 लाख 75 हजार है, जिनमें से 100 ईंटों पर जय श्री राम उत्कीर्ण किया गया है।"
 

12:06 PM, 05-Aug-2020

बॉम्बे हाईकोर्ट में सीबीआई जांच की याचिका पर सुनवाई सात अगस्त तक टली

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में महाराष्ट्र सरकार को जनहित याचिका की कॉपी नहीं मिलने की सूचना प्राप्त होने के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच की मांग करने वाली याचिका की सुनवाई सात अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी। अदालत ने याचिकाकर्ता को राज्य सरकार को याचिका की एक कॉपी देने का निर्देश दिया है।
 

11:45 AM, 05-Aug-2020

अयोध्या: हनुमानगढ़ी में पीएम मोदी कर रहे हैं पूजा

राम मंदिर के भूमि पूजन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या के हनुमानगढ़ी में पूजा की और आरती उतारी। पूजा वाली थाली में पीएम मोदी ने दक्षिणा भी रखी। इस दौरान पीएम मोदी के साथ सिर्फ सीएम योगी मौजूद रहे।
 

11:41 AM, 05-Aug-2020

राजस्थान हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को नोटिस जारी किया

राजस्थान हाईकोर्ट में आज भाजपा नेता मदन दिलावर की याचिका पर सुनवाई हुई। इसके बाद हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को नोटिस जारी कर गुरुवार तक जवाब देने का निर्देश दिया है। दिलावर ने साथ छह बसपा विधायकों के कांग्रेस में विलय के खिलाफ याचिका दायर की थी।
 

11:20 AM, 05-Aug-2020

राजस्थान में 593 नए मामले सामने आए

राजस्थान में आज सुबह 10.30 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 593 नए मामले सामने आए, 10 मरीजों की मौत हुई और 68 संक्रमण मुक्त हुए। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 47,272 हो गई है। जिसमें से 32,900 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक 742 लोगों की मौत हो गई है।

11:12 AM, 05-Aug-2020

अयोध्या: मोहन भागवत भूमिपूजन के लिए राम जन्मभूमि स्थल पहुंचे

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भूमिपूजन के लिए अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थल पहुंच गए हैं। समारोह में मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राम मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख नृत्य गोपाल दास, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।
 

10:39 AM, 05-Aug-2020

पीएम मोदी पहुंचे लखनऊ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंच गए हैं, अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन समारोह में शामिल होने के लिए यहां से वो हेलिकॉप्टर में रवाना होंगे।
 

10:28 AM, 05-Aug-2020

सीएम शिवराज सिंह चौहान को चिरायु अस्पताल से मिली छुट्टी

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद भोपाल के चिरायु अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 25 जुलाई को शिवराज कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर खुद को अलग रखने और सात दिनों के लिए अपने स्वास्थ्य की निगरानी करने की सलाह दी है।
 

10:22 AM, 05-Aug-2020

पिछले 24 घंटे में छह लाख 19 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया गया

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में चार अगस्त तक कोरोना वायरस के लिए कुल 2,14,84,402 सैंपल का टेस्ट किया गया है। जिसमें से 6,19,652 सैंपल का टेस्ट मंगलवार को किया गया।

09:48 AM, 05-Aug-2020

देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 19 लाख के पार

देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 19,08,254 हो गई है। जिनमें से 5,86,244 सक्रिय मामले हैं, 12,82,215 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 39,795 लोगों की मौत हो चुकी है। 

09:41 AM, 05-Aug-2020

पिछले 24 घंटे में 52508 नए मामले सामने आए

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 52,508 नए मामले सामने आए हैं और 857 लोगों की मौत हुई है।

09:22 AM, 05-Aug-2020

दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। आज अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी।
 

08:59 AM, 05-Aug-2020

बारिश से मुंबई में जनजीवन अस्त-व्यस्त

मुंबई में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है क्योंकि भारी बारिश से शहर के विभिन्न स्थानों पर जल जमाव हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान, मुंबई ने आज के लिए भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
 

08:10 AM, 05-Aug-2020

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम शिवाजीराव पाटिल निलांगेकर का पुणे में निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम शिवाजीराव पाटिल निलांगेकर का पुणे में निधन।

08:03 AM, 05-Aug-2020

अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर में योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि 'आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है। इस दिन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। मुझे विश्वास है कि राम मंदिर के निर्माण के साथ, भारत में 'राम राज्य' की स्थापना होगी।'
 

08:00 AM, 05-Aug-2020

अयोध्या में सरयू घाट को सजाया गया है

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह के लिए सरयू घाट को सजाया गया है। देखें तस्वीरें...
 

07:57 AM, 05-Aug-2020

आज पीएम मोदी करेंगे राम मंदिर का भूमिपूजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे।
 

06:59 AM, 05-Aug-2020

सुशांत सिंह राजपूत मामला: रिया की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में रिया चक्रवर्ती की पटना से मुंबई जांच स्थानांतरित करने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी।

04:31 AM, 05-Aug-2020

लेबनान में धमाका, 73 की मौत 3750 घायल

लेबनान में हुए धमाके में विस्फोटक के रूप में 2,750 टन अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल हुआ है। इस घटना में 73 लोगों की मौत हो गई और 3,750 लोग घायल हो गए हैं।

01:26 AM, 05-Aug-2020

बिहार के खगड़िया में गंडक नदी में यात्रियों से भरी नाव डूबी, कई लोग लापता

बिहार के खगड़िया में गंडक नदी में एक नाव डूब गई है। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत कार्य की टीम मौके पर मौजूद है। 
 

01:21 AM, 05-Aug-2020

लेबनान: राजधानी बेरूत में जबरदस्त धमाका

लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को भीषण विस्फोट हुआ जिसमें कई लोग घायल हो गए। विस्फोट से राजधानी के कई हिस्से हिल गए और शहर से घना काला धुआं उठने लगा। निवासियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां और फॉल्स सीलिंग टूट गईं। इस धमाके में 73 लोगों की मौत हो गई और 3,750 लोग घायल हैं। वहीं बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि यहां के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।

12:32 AM, 05-Aug-2020

जनता दल (सेक्युलर) के सिरा विधानसभा से एमएलए बी सत्यनारायण का निधन

जनता दल (सेक्युलर) के सिरा विधानसभा से एमएलए बी सत्यनारायण का एक लंबी बीमारी के कारण मंगलवार को निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे।

12:05 AM, 05-Aug-2020

Coronavirus: पुणे में संक्रमितों की संख्या एक लाख के करीब, आज 2331 नए मामले, 46 मौतें

लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को भीषण विस्फोट हुआ जिसमें कई लोग घायल हो गए। विस्फोट से राजधानी के कई हिस्से हिल गए और शहर से घना काला धुआं उठने लगा। निवासियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां और फॉल्स सीलिंग टूट गईं। इस धमाका में कुछ भारतीयों के भी फंसने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन अब बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि यहां के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें