सुप्रीम कोर्ट ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी छह जुलाई के सर्कुलर को चुनौती देने वाली और कोरोना महामारी को देखते हुए अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा रद्द करने की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई को 10 अगस्त के लिए स्थगित कर दिया है।
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कैदियों की परिजनों से ई-मुलाकात की सुविधा शुरू की।
उत्तर प्रदेश सरकार ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बढ़ी हुई जुर्माने की राशि को लेकर आदेश जारी किया है। वाहन चलाते वक्त फोन पर बात करने पर पहली बार 1,000 और दूसरी बार 10,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगेगा।
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,499 नए मामले सामने आए। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 31,877 है और कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 11,918 है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है।
राजस्थान में आज सुबह 10.30 बजे तक 362 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए और सात मौतें हुईं। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 41,298 है। जिसमें 11,319 सक्रिय मामले और 674 मौतें शामिल हैं।
भाजपा सांसद शिव प्रताप शुक्ला को राज्यसभा की आचार समिति (एथिक्स कमेटी) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
बिहार में बूढ़ी गंडक नदी का रिंग बांध टूटने से मुजफ्फरपुर के शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया है। लोग अपनी जान बचाने के लिए नाव बनाकर ऊंची जगह पर पनाह ले रहे हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि "पानी भरे हुए तीन दिन हो गए हैं, किसी तरह बाहर निकले हैं। सारा सामान डूब गया, कोई देखने नहीं आया।"
मध्यप्रदेश में इंदौर पुलिस द्वारा एक लड़की को एक वेब श्रृंखला में लॉन्च करने के बहाने कथित रूप से ठगने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर सेल के एसपी जितेंद्र सिंह का कहना है कि "मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है।"
देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 16,38,871 हो गई है। जिनमें से 5,45,318 सक्रिय मामले हैं, 10,57,806 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 35,747 लोगों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली के निर्माण भवन में आज कोरोना की स्थिति पर चर्चा के लिए मंत्रियों के समूह (GoM) की बैठक होगी।
दिल्ली सरकार ने सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुए और अन्य सभी आवश्यक एहतियाती उपायों के साथ परीक्षण के आधार पर साप्ताहिक बाजारों को एक सप्ताह के लिए खोलने की अनुमति दी है। -मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली
छत्तीसगढ़ में गुरुवार को कोरोना के 256 नए मामले सामने आए वहीं 1 की मौत भी हुई। नए आंकड़े के मुताबिक राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या 8,856 हो गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग