फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश-दुनिया ब्रेकिंग न्यूज: पुणे में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2601 मामले, 44 लोगों की गई जान

Mon, 20 Jul 2020 11:25 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

  • महाराष्ट्र में आज कोरोना के 8240 नए मामले सामने आए हैं और 176 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामले 3,18,695 हो गए हैं।
  • दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 954 नए मामले सामने आए और 35 लोगों की मौत हुई। काफी समय बाद पहली बार 24 घंटे में 1000 से कम मामले सामने आए हैं।
  • देश में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 40,425 नए मामले सामने आए हैं और 681 लोगों की मौत हुई है।
  • देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,18,043 हो गई है।
  • देश में 3,90,459 सक्रिय मामले हैं, 7,00,087 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 27,497 लोगों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
असम में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ा - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 20-Jul-2020

छत्तीसगढ़ में 10 शहरी क्षेत्रों में लॉकडाउन

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए चार जिलों के 10 शहरी क्षेत्रों में लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया गया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बिलासपुर, सरगुजा, कोरबा और राजनांदगांव जिले के 10 शहरी क्षेत्रों में सात-आठ दिन तक अनेक गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर जिले के बिलासपुर नगर निगम, बिल्हा और बोदरी नगर पंचायत में 23 जुलाई सुबह से 31 जुलाई शाम तक लॉकडाउन रहेगा।

प्रिवेंटिव एंड थेराप्यूटिक क्लीनिकल ट्रायल यूनिट का उद्घाटन
भुवनेश्वरः कोरोना वैक्सीन के ह्यूमैन ट्रायल के पहले इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और SUM अस्पताल में कोविड वैक्सीन, प्रिवेंटिव एंड थेराप्यूटिक क्लीनिकल ट्रायल यूनिट का उद्घाटन किया गया।

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बरेली जेल में 63 कैदी और 3 प्रहरी कोरोना पॉजिटिव
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बरेली जेल में 63 कैदी और 3 प्रहरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। एक साथ जेल में 66 कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। रायसेन जिले में कोरोना पॉजीटीव मरीजों का आंकड़ा 216 हुआ।

11:17 PM, 20-Jul-2020

पुणे में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2601 मामले, 44 लोगों की गई जान

पुणे जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2601 मामले सामने आए हैं और 44 लोगों की मौत हुई है। जिले में कुल मामलों की संख्या 54,013 हो गई है और अब तक 1387 लोगों की मौत हो चुकी है। 

झारखंड में 178 नए मामले, चार की मौत
झारखंड में कोरोना के 178 नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 5777 हो गई है। राज्य में कोरोना के कारण अब तक 33 लोगों की मौत हुई है। 

गोवा में Covaxin का मानव परीक्षण शुरू
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने बताया कि कोरोना के लिए स्वदेशी रूप से विकसित वैक्सीन Covaxin का मानव परीक्षण यहां के रेडकर अस्पताल में शुरू हो गया है। यह स्वास्थ्य सेवा नवाचार में भारत की अपार क्षमता का प्रमाण है।

मध्यप्रदेशः अधिक संक्रमण वाले जिलों में सप्ताह में दो दिन लगातार लॉकडाउन
मध्यप्रदेश के अधिक संक्रमण वाले जिलों में सप्ताह में दो दिन लगातार लॉकडाउन रहेगा। लॉकडाउन रविवार को रहेगा ही, दूसरा दिन शनिवार हो या सोमवार, यह बाद में तय होगा। सभी जिलों में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 8 बजे से प्रात: 5 बजे तक  रहेगा।

10:16 PM, 20-Jul-2020

पश्चिम बंगाल में आज कोरोना के रिकॉर्ड 2282 नए मामले, 35 की मौत

पश्चिम बंगाल में आज कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 2282 नए मामले सामने आए और 35 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 44,769 हो गई है, जिनमें 17204 सक्रिय मामले हैं, 26418 लोग ठीक हो चुके हैं और 1147 लोगों की मौत हो चुकी है।

जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 751 नए मामले
जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 751 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 240 मामले जम्मू से और 511 कश्मीर से हैं। यहां कुल मामलों की संख्या 14650 हो गई है और अब तक 254 लोगों की मौत हो चुकी है। 

सिक्किम में कोविड-19 के 22 नए मामले
सिक्किम में आज को कोविड-19 के 22 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 315 हो गई।

प्लाजमा दान करने के नाम पर लोगों से ठगी के आरोपी गिरफ्तार
तेलंगानाः हैदराबाद सिटी पुलिस ने कोरोना से रिकवर हुआ मरीज बनकर प्लाजमा दान करने के नाम पर लोगों से ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन
09:22 PM, 20-Jul-2020

राजस्थान में आज संक्रमण के 956 नए मामले, नौ ने तोड़ा दम

राजस्थान में आज संक्रमण के 956 नए मामले सामने आए और नौ लोगों की मौत हो गई। यह आंकड़ा रात 8:30 बजे तक का है। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 30390 हो गई है, जिनमें 7627 सक्रिय मामले हैं और 568 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।

चीन के उत्तर-पश्चिमी शहर उरुम्की में बढ़े संक्रमण के मामले
चीन के उत्तर-पश्चिमी भाग में स्थित शिनजियांग के उरुम्की शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और वहां सोमवार को 17 नए मामले सामने आए। शिनजियांग की राजधानी उरुम्की में संक्रमण के कम से कम 47 मामले सामने आ चुके हैं। प्रशासन ने संक्रमण रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं और यात्रा पर पाबंदी लगा दी गई है।

09:09 PM, 20-Jul-2020

मध्यप्रदेश में 710 नए मामले

मध्यप्रदेश में एक दिन में कोरोना वायरस के 710 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 23,310 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से 17 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मौत का आंकड़ा 738 पहुंच गया है। 

नेपाल में पिछले 24 घंटे में 186 नए मामले
नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 186 नए मामले सामने आए हैं और 173 लोग ठीक हुए। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 17,844 हो गई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण से अभी तक 40 लोगों की मौत हुई है। देश में कोविड-19 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने की दर अब सुधर कर 66.51 प्रतिशत हो गई है। 

विज्ञापन
08:55 PM, 20-Jul-2020

कर्नाटक में आज 3648 नए मामले, 72 की मौत
कर्नाटक में आज 3648 नए मामले सामने आए और 72 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 42216 हो गई है और मौत का आंकड़ा 1403 हो गया है। 

तेलंगाना में 1198 नए मामले, सात की मौत
तेलंगाना में कोरोना के 1198 नए मामले सामने आए हैं और 7 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामलों की संख्या 46,274 हो गई है। इनमें 11530 सक्रिय मामले हैं और अब तक 422 की मौत हो चुकी है।

नेपाल में 17 अगस्त से शुरू होगी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू विमान सेवा
नेपाल में 17 अगस्त से शुरू होगी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू विमान सेवा। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आवास पर आज हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।

08:39 PM, 20-Jul-2020

महाराष्ट्र में कोरोना के 8240 नए मामले, 176 लोगों की मौत 

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 8240 नए मामले सामने आए हैं और 176 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामले 3,18,695 हो गए हैं। इनमें 1,75,029  लोग ठीक हो चुके हैं और 1,31,334 मामले सक्रिय हैं। 

हरियाणा में कोरोना के 694 नए मामले 
हरियाणा में आज कोरोना के 694 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 26858 हो गई है। 

टेस्टिंग में बढ़ोतरी हुई है-  हेमंत सोरेन
झारखंड में बढ़ते कोरोना मामलों पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि टेस्टिंग में बढ़ोतरी हुई है, जिस तरह से यातायात को खोला गया था, उससे भी चीजें बढ़ी हैं। अब यातायात को फिर से रोकने का निर्णय लिया गया है। परसो कैबिनेट भी है आगे जो निर्णय होगा उससे आप लोगों को जल्द अवगत कराया जाएगा।

लद्दाख में सात और नए मामले 
लद्दाख में सात नए मामले और सामने आए। यहां सक्रिय मामलों की कुल संख्या 186 हो गई है। इनमें से 155 लेह से और 31 कारगिल से हैं। 

07:48 PM, 20-Jul-2020

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। बैठक के ब्यौरे के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि अधिकारियों ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया। एक अधिकारी ने बताया कि 25 मार्च के बाद से शाह की राष्ट्रपति से ऐसी मुलाकात थी, जिसमें केवल दोनों मौजूद थे। उसी दिन कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन की घोषणा की गई थी।
 

पंजाब में 411 नए मामले, आठ लोगों की मौत
पंजाब में आज कोरोना के 411 नए मामले सामने आए और आठ लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक कुल मामले 10510 हो गए हैं। इनमें 3130 मामले सक्रिय हैं, 7118 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक 262 लोगों की मौत हो चुकी है। 

सभी राज्य परीक्षण क्षमता को बढ़ाएं
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव ने सभी राज्यों को परीक्षण क्षमता को बढ़ाने के लिए कहा है। 

उत्तराखंड में कोरोना मामलों की कुल संख्या 4642
उत्तराखंड में कोरोना मामलों की कुल संख्या 4,642 हो गई है। राज्य में आज आज 127 मामलें रिपोर्ट किए गए हैं। सक्रिय मामले और मौतों की संख्या क्रमशः 1,338 और 55 है।

07:37 PM, 20-Jul-2020

ब्रिटेन में शुरुआती परीक्षण में कोरोना वैक्सीन ने दी त्वरित प्रतिरोधक प्रतिक्रिया
ब्रिटेन में शुरुआती परीक्षण में कोरोना वायरस के टीके ने त्वरित प्रतिरोधक प्रतिक्रिया दी। अनुसंधानकर्ताओं ने इस बात की जानकारी दी।

07:35 PM, 20-Jul-2020

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 998 नए मामले, 20 की मौत

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 998 नए मामले सामने आए और 20 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 49,439 हो गई है। इनमें 11,613 मामले सक्रिय हैं, 35659 लोग ठीक हो चुके हैं और 2167 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। 

मणिपुर में आज कोरोना के 14 नए मामले
मणिपुर में आज कोरोना के 14 नए मामले सामने आए। इसी के साथ यहां कुल मामले 1925 हो गए हैं। अब तक 1320 लोग ठीक हो चुके हैं।

07:29 PM, 20-Jul-2020

ऑक्सफोर्ड कोविड-19 वैक्सीन ट्रायल के 1/2 फेज का रिजल्ट प्रकाशित हुआ। यूके स्थित मेडिकल जर्नल के एडिटर इन चीफ द लांसेट का कहना है कि यह 'सुरक्षित, अच्छी तरह से सहन करने वाला और प्रतिरक्षात्मक है।'
 

07:13 PM, 20-Jul-2020

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4074 नए मामले, 54 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4074 नए मामले सामने आए और 54 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल मामलों की कुल संख्या 53,724 हो गई है और अब तक 696 लोगों की मौत हो चुकी है।  

07:02 PM, 20-Jul-2020

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

दिल्ली: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा की।
 

06:50 PM, 20-Jul-2020

भीमा कोरेगांव मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट ने एनआईए और महाराष्ट्र सरकार को कवि वरवारा राव की मेडिकल स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा है। बता दें कि कोरोना से संक्रमित राव मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती हैं। यहां उनका इलाज चल रहा है। 

अंतिम संस्कार के लिए 7500 रुपये का प्रावधान
ओडिशा सरकार ने कोरोना से मरने वालों के अंतिम संस्कार के लिए 7500 रुपये का प्रावधान किया।

06:40 PM, 20-Jul-2020

राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने कहा है कि पहले हम 15 हजार टेस्ट प्रतिदिन कर रहे थे। अब हमने टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई है, जिसके कारण पॉजिटिव मामलों में वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय औसत को देखें तो हमारा पॉजिटिविटी का प्रतिशत अभी भी बहुत कम है। हमारी रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से बहुत ज्यादा है। 

06:33 PM, 20-Jul-2020

इंडिगो एयरलाइंस अपने 10 फीसदी कर्मचारियों की करेगी छंटनी

कोरोना महामारी के बीच इंडिगो एयरलाइंस अपने 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करेगी। इस बात की जानकारी सीईओ रॉन्जॉय दत्ता ने दी। 

06:27 PM, 20-Jul-2020

हिमाचल प्रदेश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1561 हुई

हिमाचल प्रदेश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1561 हो गई है। इनमें 473 मामले सक्रिय हैं, 1061 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। 

चंडीगढ़ में आज कोरोना के 22 नए मामले
चंडीगढ़ में आज कोरोना के 22 नए मामले सामने आए। इसके बाद यहां कुल मामलों की संख्या 739 हो गई है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या 209 है। 

ओडिशा सरकार ने की इनसेंटिव की घोषणा 
ओडिशा सरकार ने राज्य में समर्पित कोरोना अस्पतालों/स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात डॉक्टरों, पैरामेडिक्स और फोर्थ क्लास कर्मचारियों के लिए इनसेंटिव की घोषणा की है। इसके तहत डॉक्टरों को प्रति दिन 1000 रुपये, पैरामेडिक्स को 500 रुपये प्रति दिन और फोर्थ क्लास कर्मचारियों  को 200 रुपये प्रति दिन मिलेगा।

06:22 PM, 20-Jul-2020

तमिलनाडु में आज 4985 नए मामले, 70 लोगों की मौत

तमिलनाडु में आज कोरोना संक्रमण के 4985 नए मामले सामने आए और 70 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1,75,678 हो गई है, जिनमें 51,348 सक्रिय मामले हैं और 2551 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। 
 

06:18 PM, 20-Jul-2020

इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में वैक्सीन की संभावना

वैक्सीन लॉन्च करना इसके समग्र परीक्षण पर निर्भर करता है। हम कम से कम छह महीनों के लिए वैक्सीन की प्रभावशीलता की जांच करेंगे। इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में संभावना है कि हमारे पास एक टीका होगा: डॉ. संजय राय, सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रमुख, एम्स, नई दिल्ली

06:14 PM, 20-Jul-2020

वर्क फ्रॉम होम को बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा
बिजनस और कल्चर पर कोरोना के प्रभाव की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'वर्क फ्रॉम होम' को बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा और सरकार इसे ठीक से लागू करवाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और रेग्युलेटरी इन्वायर्नमेंट मुहैया कराने पर काम कर रही हैः पीएमओ

06:02 PM, 20-Jul-2020

केरल में आज कोरोना के 794 नए मामले

केरल में आज कोरोना के 794 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या  7,611 हो गई है। अब तक 5,618 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। 

इस वर्ष नहीं दिया जाएगा बैलन डी'ओर अवार्ड
कोरोना वायरस के चलते फुटबॉल में ब्रेक के कारण इस वर्ष बैलन डी'ओर अवार्ड नहीं दिया जाएगा। 

05:56 PM, 20-Jul-2020

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 954 नए मामले, 35 की मौत

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 954 नए मामले सामने आए और 35 लोगों की मौत हुई। काफी समय बाद पहली बार 24 घंटे में 1000 से कम मामले सामने आए हैं। अब तक कुल मामलों की संख्या 1,23,747 है। पिछले 24 घंटों में 1784 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक कुल 1,04,918 मरीज ठीक हुए हैं।

05:48 PM, 20-Jul-2020

कोरोना तेजी से फैल रहा है

पश्चिम बंगाल के गृह सचिव अलपन बंद्योपाध्याय ने वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा के बाद कहा है कि कोरोना और तेजी से फैल रहा है और इसका सामुदायिक प्रसार भी हो रहा है। 

05:33 PM, 20-Jul-2020

राजस्थान के राजगढ़ थाने के एसएचओ विष्णुदत्त विश्नोई के कथित तौर पर आत्महत्या कर लेने के संबंध में सीबीआई ने ओलंपिक पदक विजेता और कांग्रेस विधायक कृष्णा पूनिया से पूछताछ की: अधिकारी 

05:09 PM, 20-Jul-2020

बोलीविया फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष सेजार सेलिनास की कोविड-19 संक्रमण से जुड़ी समस्याओं के कारण मौत हो गई। वह 58 साल के थे। महासंघ ने अपने सोशल मीडिया चैनल पर रविवार को उनके निधन की जानकारी दी। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद सेलिनास को इस महीने ला पाज में निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। बोलीविया के क्लब द स्ट्रांगेस्ट के पूर्व अध्यक्ष सेलिनास 2018 में राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष बने थे। इस भूमिका से उन्हें दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल संस्था कोनमेबोल की कार्यकारी समिति में भी जगह मिली थी।

 

04:49 PM, 20-Jul-2020

महाराष्ट्र: पुणे जिले में कोविड-19 के मामलों की संख्या 50 हजार के पार

महाराष्ट्र के पुणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 473 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या पचास हजार से अधिक हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि जिले में अब कोविड-19 के कुल 51,885 मरीज हैं। इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,343 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार कुल मामलों में से 37,000 पुणे शहर में सामने आए हैं। 

 

04:18 PM, 20-Jul-2020

एम्स में कोरोना वैक्सीन का होगा परीक्षण, 375 लोगों का चयन

एम्स के निदेश रणदीप गुलेरिया ने कहा, एम्स में पहले चरण में 18-55 की उम्र के लोगों पर होगा कोरोना वैक्सीन का टेस्ट। कुल 1125 लोगों के सैंपल लिए गए जिनमें से 375 का चयन किया गया है। दूसरे चरण में 750 लोगों को चुना जाएगा जिनकी उम्र 12-65 वर्ष होगी। 


 

03:53 PM, 20-Jul-2020

लोकसभा सांसद सीआर पाटिल गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घोषित 

नवसारी से लोकसभा सांसद सीआर पाटिल को गुजरात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
 


 

03:33 PM, 20-Jul-2020

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि 'पांच अगस्त को नरेंद्र मोदी जी अगर शिलान्यास कर रहे हैं तो उसमें हमारे धर्मगुरु और चारों पीठों के शंकराचार्य, रामानंद संप्रदाय के स्वामी रामनरेशाचार्य जी सबको आमंत्रित किया जाना चाहिए और न्यास में शामिल किया जाना चाहिए।'

03:31 PM, 20-Jul-2020

भाजपा न्यास को राजनीतिक ढंग से डील कर रही है, हम इसका विरोध करते हैं- दिग्विजय सिंह

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि 'राम मंदिर के निर्माण का कोई विरोध नहीं कर रहा है लेकिन इन्होंने (BJP) न्यास में देश के चारों पीठों के शंकराचार्य को स्थान नहीं दिया और विश्व हिंदू परिषद और भाजपा के नेताओं को स्थान दिया। ये न्यास को राजनीतिक ढंग से डील कर रहे हैं हम इसका विरोध करते हैं।'

03:30 PM, 20-Jul-2020

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने डीजीपी को लिखा पत्र

राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने डीजीपी को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता महेश जोशी, रणदीप सुरजेवाला और अन्य के खिलाफ भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज की झूठे बयान और निर्मित ऑडियो क्लिप की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है।

03:06 PM, 20-Jul-2020

मिजोरम में मेगा फूड पार्क का उद्घाटन किया गया

मिजोरम में एक मेगा फूड पार्क का उद्घाटन किया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास, जितेन्द्र सिंह ने कहा कि यह दूर-दूर और उपेक्षित क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का पुनरावृत्ति है। मोदी सरकार ने जो वायदा किया था उसे पूरा कर रही है।
 

03:03 PM, 20-Jul-2020

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को लिखा पत्र

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी एडीजीपी, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को कोविड-19 से संक्रमण मुक्त हुए पुलिस कर्मियों की सूची तैयार करने के लिए पत्र लिखा है ताकि प्लाज्मा थेरेपी के लिए उनके प्लाज्मा का उपयोग किया जा सके।

02:51 PM, 20-Jul-2020

अशोक गहलोत बोले- 'मैं यहां सब्जी बेचने वाला नहीं हूं, राजस्थान का मुख्यमंत्री हूं।'  

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि 'सचिन पायलट भाजपा के समर्थन से पिछले छह महीनों से साजिश रच रहे थे। किसी ने भी मुझ पर विश्वास नहीं किया जब मैं कहता था कि सरकार को गिराने की साजिश चल रही है। किसी को नहीं पता था कि इस तरह के निर्दोष चेहरे वाला व्यक्ति ऐसा काम करेगा। मैं यहां सब्जी बेचने वाला नहीं हूं, राजस्थान का मुख्यमंत्री हूं।
 

02:50 PM, 20-Jul-2020

असम में ब्रह्मपुत्र नदी का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा

असम में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ने से डिब्रूगढ़ जिले के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है।

 

02:06 PM, 20-Jul-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सीएसआर अभियान का शुभारंभ किया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना महामारी के खिलाफ पंजाब नेशनल बैंक के राष्ट्रव्यापी सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पोंसिबिलिटी) अभियान का शुभारंभ किया।

02:05 PM, 20-Jul-2020

पुदुचेरी का बजट पेश

पुदुचेरी के मुख्यमंत्री और वित्त प्रभारी वी नारायणसामी ने आज विधानसभा में केंद्र शासित प्रदेश का बजट 2020-21 पेश किया।
 

02:01 PM, 20-Jul-2020

महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए

महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख ने सोमवार को खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि करते हुए खुद को पृथक करने की जानकारी दी। राज्य के कपड़ा मंत्री ने कहा कि उनमें संक्रमण के लक्षण नहीं है और उन्होंने उनके संपर्क के आए लोगों से अपनी जांच कराने की अपील की। शेख ने ट्वीट किया कि ‘मैं सूचित करता हूं कि मैं कोविड-19 से संक्रमित पाया गया हूं। मुझमें अभी संक्रमण के लक्षण नहीं है और मैंने स्वयं को पृथक-वास में रखा है। मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से मैं अनुरोध करता हूं कि वे अपनी जांच कराएं।’

01:14 PM, 20-Jul-2020

सत्येंद्र जैन ने कहा कि कोरोना समुदाय में फैल रहा है लेकिन ये निर्णय केंद्र सरकार लेगी

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 'कोरोना समुदाय में फैला हुआ है, अब यह कहना बहुत तकनीकी है कि यह स्थानीय है या कम्युनिटी ट्रांसमिशन हुआ है। कई कोरोना पॉजिटिव मरीजों का स्रोत परीक्षण के बाद अज्ञात बना हुआ है। अब हमलोगों ने समुदाय प्रसार पर निर्णय लेने के लिए केंद्र पर छोड़ दिया है।'
 

01:04 PM, 20-Jul-2020

हिमाचल प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 1548 हुई

हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,548 हो गई है। जिसमें से 462 सक्रिय मामले हैं, 1060 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और नौ लोगों की मौत हो चुकी है।

12:47 PM, 20-Jul-2020

राजस्थान एसओजी ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह को नोटिस भेजा

राजस्थान में फोन टैपिंग मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह को राजस्थान एसओजी ने नोटिस भेजा है। एसओजी ने शेखावत से अपना बयान दर्ज कराने को कहा है।

12:36 PM, 20-Jul-2020

नागालैंड के स्वास्थ्य मंत्री एस पंगनु फु ने बताया कि राज्य में परीक्षण किए गए 454 नमूनों में से 33 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से दीमापुर में 16, मोन में 12 और कोहिमा में पांच मामले सामने आए हैं।

12:25 PM, 20-Jul-2020

तेलंगाना में कोरोना की दवा की ब्लैक मार्केटिंग करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

तेलंगाना के मल्काजगिरी में स्पेशल ऑपरेशन टीम ने कोरोना संक्रमण में इस्तेमाल की जाने वाली एंटीवायरल ड्रग्स कोविफोर (रेमेडिसवीर) और फेविपिरविर टैबलेट को अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 

12:21 PM, 20-Jul-2020

ओडिशा में 673 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए

ओडिशा में 673 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और छह की मौत दर्ज की गई है। जिसके बाद राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 18,110 हो गई है। जिसमें से 5,533 सक्रिय मामले हैं, 12,452 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है।

12:16 PM, 20-Jul-2020

बिहार धीरे-धीरे कोविड-19 का ग्लोबल हॉटस्पॉट बनने जा रहा है- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि 'बिहार धीरे-धीरे कोविड-19 का ग्लोबल हॉटस्पॉट बनने जा रहा है, क्योंकि राज्य सरकार मामलों की बढ़ती संख्या से चिंतित नहीं है। वे परीक्षण बढ़ाने के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। बिहार में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य द्वारा बिहार के लिए अलग-अलग कोरोना संक्रमितों की संख्या बताई जा रही है। कोविड केंद्रों के मेडिकल कर्मचारियों के पास पीपीई किट नहीं हैं। हम मांग करते हैं कि राज्य सरकार को एक स्पष्ट तस्वीर पेश करनी चाहिए।
 

12:10 PM, 20-Jul-2020

तेजस्वी ने कोरोना मामले को लेकर नीतीश पर साधा निशाना

बिहार में बढ़ते कोरोना के मामले पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि 'जिसका टेस्ट तक नहीं हुआ उसकी भी रिपोर्ट आ रही है और जो टेस्ट करवा रहे हैं उनकी कई दिनों तक रिपोर्ट नहीं आ रही है। हमारे आरजेडी के कई एमएलए 18-19 दिनों से अपनी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं पर अब तक रिपोर्ट नहीं आई। अब तो हमें मुख्यमंत्री जी की रिपोर्ट पर भी शंका है।'

11:58 AM, 20-Jul-2020

असम में 70 लाख से अधिक लोग बाढ़ के कारण प्रभावितः सीएम

असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रदेश के लोग दोहरी लड़ाई लड़ाई लड़ रहे हैं। एक तरफ कोरोना का खतरा है, तो दूसरी ओर बाढ़ से उत्पन्न होने वाली चुनौतियां हैं। केंद्र और राज्य सरकार लोगों को सभी प्रकार की सहायता प्रदान कर रही है।

सीएम ने कहा कि 70 लाख से अधिक लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों से लोगों और जानवरों को बचाया जा रहा है। उन्हें राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। 

11:39 AM, 20-Jul-2020

छत्तीसगढ़ में 'गोधन न्याय योजना' की शुरुआत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली उत्सव के अवसर पर 'गोधन न्याय योजना ' की शुरुआत की और रायपुर में समारोह में शामिल हुए।
 

11:37 AM, 20-Jul-2020

असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 84 हुई

असम में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में छह और लोगों की जान चली गई है, जिससे मरने वालों की संख्या 84 हो गई है: राज्य सरकार
 

11:20 AM, 20-Jul-2020

कर्नाटक में कोविड केयर सेंटर में फ्लैश मॉब का आयोजन

कर्नाटक में असिम्प्टोमैटिक (बिना लक्षण) कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने बेल्लारी में एक कोविड केयर सेंटर में एक फ्लैश मॉब का आयोजन किया, जहां उन्हें भर्ती किया गया है। देखें वीडियो...
 

11:18 AM, 20-Jul-2020

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आज अमित शाह से करेंगे मुलाकात

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ आज दोपहर 12 बजे दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
 

10:57 AM, 20-Jul-2020

राजस्थान में कोरोना से अब तक 563 लोगों की मौत

राजस्थान में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 29,835 हो गई है। जिसमें से 21,866 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, 21,094 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 563 लोगों की मौत हो गई है।

10:52 AM, 20-Jul-2020

राजस्थान में 401 नए मामले सामने आए

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में आज सुबह 10.30 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 401 नए मामले सामने आए और चार मरीजों की मौत हुई। इस अवधि में 136 मरीज संक्रमण मुक्त हुए और 136 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

10:34 AM, 20-Jul-2020

पुदुचेरी में अन्नाद्रमुक और भाजपा के विधायकों ने विधानसभा से वॉक आउट किया

पुदुचेरी में बजट सत्र की शुरुआत और बजट पेश करने के दौरान उपराज्यपाल किरण बेदी उद्घाटन संबोधन के लिए विधानसभा नहीं पहुंचीं। जिसके बाद अन्नाद्रमुक और भाजपा के विधायकों ने आज विधानसभा से वॉक आउट किया। बजट आज दोपहर 12 बजे पेश किया जाएगा।

10:24 AM, 20-Jul-2020

राजस्थान हाईकोर्ट में पायलट गुट की याचिका पर सुनवाई शुरू

सचिन पायलट और 18 अन्य कांग्रेस विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उन्हें अयोग्य घोषित करने के लिए जारी नोटिस के खिलाफ दायर याचिका पर राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर बेंच में सुनवाई चल रही है। मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती और न्यायमूर्ति प्रकाश गुप्ता मामले की सुनवाई कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी पक्ष रख रहे हैं। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर यह सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही है।

10:15 AM, 20-Jul-2020

आज से काम पर लौटेंगे दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री

कोरोना से उबरने के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन आज से काम शुरू करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है।
 

09:56 AM, 20-Jul-2020

पुदुचेरी का बजट आज विधानसभा में होगा पेश

केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी का बजट 2020-21 आज विधानसभा में पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री और वित्त मंत्रालय के प्रभारी वी. नारायणसामी बजट पेश करेंगे।
 

09:45 AM, 20-Jul-2020

रांची में पहाड़ी मंदिर के बाहर भक्तों ने की पूजा अर्चना

झारखंड में सावन माह के तीसरे सोमवार को आज रांची में पहाड़ी मंदिर के बाहर भक्त पूजा अर्चना करते नजर आए। कोरोना महामारी के मद्देनजर भक्तों के लिए मंदिर बंद कर दिया गया है।
 

09:36 AM, 20-Jul-2020

देश में संक्रमितों का आंकड़ा 11 लाख के पार

देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,18,043 हो गई है। जिनमें से 3,90,459 सक्रिय मामले हैं, 7,00,087 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 27,497 लोगों की मौत हो चुकी है। 

09:36 AM, 20-Jul-2020

पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों में रिकॉर्ड उछाल

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 40,425 नए मामले सामने आए हैं और 681 लोगों की मौत हुई है।

09:19 AM, 20-Jul-2020

उत्तराखंड में बादल फटने से तीन की मौत, आठ लापता

उत्तराखंड के मडकोट गांव में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि मदकोट के पड़ोस गांव से आठ लोग लापता हैं। पिथौरागढ़ के जिला मजिस्ट्रेट वीके जोगदंडे ने बताया कि घटनास्थल पर एक बचाव दल मौजूद है।
 

09:11 AM, 20-Jul-2020

चीन के खिलाफ टोरंटो में विरोध-प्रदर्शन

कनाडा के टोरंटो में स्थानीय लोग, ईरानी प्रवासी, तिब्बती और वियतनामी समुदायों के सदस्यों और भारतीय प्रवासियों के सदस्यों ने चीनी वाणिज्य दूतावास के बाहर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (चीन में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल) के खिलाफ रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
 

 

09:08 AM, 20-Jul-2020

पिछले 24 घंटे में दो लाख 56 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया गया

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 19 जुलाई तक कोरोना के लिए 1,40,47,908 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 2,56,039 नमूनों का परीक्षण पिछले 24 घंटे में किया गया है।

08:37 AM, 20-Jul-2020

दिल्ली में अजय बरवाला गिरोह के दो शार्पशूटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

दिल्ली में अजय बरवाला गिरोह के दो शार्पशूटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देसी पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताय कि वे विजय विहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक हत्या की योजना बना रहे थे। आगे की जांच जारी है।

08:32 AM, 20-Jul-2020

विकास दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ यह खुलासा

हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी मौत गोली लगने के बाद खून बहने और शॉक की वजह से हुई। विकास दुबे कई मामलों में वांछित था और 10 जुलाई को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

 

08:29 AM, 20-Jul-2020

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में 'भस्म आरती' की गई

मध्यप्रदेश में सावन माह के तीसरे सोमवार को आज सुबह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में 'भस्म आरती' की गई।
 

08:24 AM, 20-Jul-2020

नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर बंद, बाहर से ही पूजा कर रहे भक्त

नेपाल में सावन माह के तीसरे सोमवार को काठमांडो में पशुपतिनाथ मंदिर बंद रखा गया। भक्त मंदिर के बाहर से ही पूजा कर रहे हैं। कोरोना महामारी के मद्देनजर मंदिर भक्तों के लिए बंद किया गया है।

08:20 AM, 20-Jul-2020

देवघर का बाबा बैद्यनाथ मंदिर भक्तों के लिए बंद, पुजारियों ने की पूजा

झारखंड में सावन माह के तीसरे सोमवार को आज देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पुजारियों ने पूजा की। कोरोना महामारी के मद्देनजर भक्तों के लिए मंदिर बंद किया गया है।
 

08:15 AM, 20-Jul-2020

पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 412 और ब्राजील में 716 लोगों की मौत

दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या एक लाख 43 हजार से ज्यादा हो गई है और 38 लाख 98 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 412 और ब्राजील में 716 लोगों की मौत हुई है। यह आंकड़े वर्ल्डोमीटर के मुताबिक सोमवार सुबह आठ बजे तक के हैं।

08:05 AM, 20-Jul-2020

पुणे में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2601 मामले, 44 लोगों की गई जान

दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, इस वायरस से मरने वालों की संख्या छह लाख नौ हजार के करीब पहुंच गई है और संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 46 लाख 41 हजार को पार कर गया है। जबकि 87 लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें