अमेरिका द्वारा जारी संशोधित इंडिया-यूएस ट्रेड फ्रेमवर्क फैक्टशीट पर विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि बदलाव 7 फरवरी 2026 के संयुक्त वक्तव्य के अनुरूप हैं। इसके साथ ही प्रवक्ता ने बताया प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा 18 से 22 फरवरी 2026 तक भारत के राजकीय दौरे पर रहेंगे।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर विदेश मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। अमेरिका द्वारा जारी संशोधित इंडिया-यूएस ट्रेड फ्रेमवर्क फैक्टशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिकी दस्तावेज में किए गए बदलाव दोनों देशों के बीच बनी साझा समझ के अनुरूप हैं।
भारत-कनाडा सुरक्षा सहयोग को मिली मजबूती
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल के कनाडा के ओटावा दौरे के संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसए ने अपने कनाडाई समकक्ष से मुलाकात की, जो सुरक्षा मामलों में चल रहे सहयोग और समन्वय का हिस्सा है।
रणधीर जायसवाल के अनुसार, यह दौरा भारत और कनाडा के बीच नियमित सुरक्षा संवाद का हिस्सा है। दोनों देशों ने यह सहमति जताई है कि सुरक्षा मामलों में बेहतर समन्वय और सूचना के प्रवाह को सुगम बनाने के लिए दोनों पक्षों में लियाजन ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि लियाजन ऑफिसर कब नियुक्त होंगे, इसका अभी कोई तय समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। उनका कहना था कि इस कदम से दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग और निर्णय लेने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित होगी।
दिल्ली लाल किला विस्फोट पर MEA की प्रतिक्रिया
एक मीडिया के जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की मॉनिटरिंग टीम की रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। उन्होंने बताया यह रिपोर्ट 4 फरवरी 2026 को प्रकाशित हुई थी। इसमें भारत की इनपुट को शामिल किया गया है, जिसमें हमारे सीमा पार आतंकवाद और वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के मुद्दे उठाए गए हैं।