पालघर के एक निजी अस्पताल में मेडिकल स्टाफ से मारपीट और तोड़फोड़ के मामले की जांच को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने पालघर पुलिस के रवैये को ‘बेहद लापरवाह’ बताते हुए कहा कि संवेदनशील मामले में पुलिस ने अब तक ठीक से कोई जांच नहीं की है। जस्टिस एएस गडकरी और जस्टिस कमल खाता की पीठ ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली उसकी अक्षमता को दर्शाती है। अदालत ने यह भी पूछा कि क्या पुलिस ने जुलाई में ठाणे के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों से हुई मारपीट की घटना से कोई सबक नहीं लिया।
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने अदालत को बताया कि एफआईआर में नामजद 10 लोगों में से एक आरोपी शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के शहर प्रमुख राहुल घरात को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस हिरासत में है। बाकी नौ आरोपी फरार हैं। इस पर अदालत ने सवाल किया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तुरंत कदम क्यों नहीं उठाए। पीठ ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ऐसा लगता है कि कोई जांच ही नहीं की गई। अदालत ने पुलिस की ढिलाई को आरोपियों के फरार होने की वजह बताया।
हाईकोर्ट ने कहा कि अस्पताल में तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट और डॉक्टरों को धमकी देने का मामला बेहद संवेदनशील है। इसके बावजूद पुलिस ने जांच में ‘बिल्कुल लापरवाही’ वाला रवैया अपनाया है। अदालत ने यह भी कहा कि अगर पालघर पुलिस मामले की जांच में रुचि नहीं रखती है तो जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंपी जा सकती है।
पीठ ने पुलिस की ओर से केस डायरी बनाए जाने के तरीके पर भी नाराजगी जताई। अदालत ने सरकारी वकील शिशिर हिरय को निर्देश दिया कि वह पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ संभावित कार्रवाई पर जानकारी लें। इसके बाद शिशिर हिरय ने अदालत को बताया कि डीजीपी पालघर पुलिस से मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड मंगाएंगे और उचित कार्रवाई करेंगे। हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार के लिए तय की है।
गौरतलब है कि 5 और 6 सितंबर की दरमियानी रात कई शिवसेना कार्यकर्ता पालघर के रिलीफ अस्पताल में कथित तौर पर घुस गए थे। अस्पताल में दही हांडी उत्सव में शामिल हुए कुछ घायल ‘गोविंदा’ भर्ती थे। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पर अधिक शुल्क वसूलने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की। उन्होंने डॉक्टरों को धमकाया, कर्मचारियों से मारपीट की और आईसीयू में भर्ती घायल लोगों को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए।