तमिलनाडु में चेन्नई जाने वाली एक निजी एयरलाइन को रविवार को बम की धमकी दी गई। जांच के बाद यह अफवाह साबित हुई। हवाई अड्डे के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, कोच्चि से करीब 85 यात्रियों को लेकर आ रही फ्लाइट की यहां उतरने पर गहन जांच की गई। उन्होंने बताया कि कोई विस्फोटक नहीं मिला। यह झूठी कॉल फोन पर की गई थी।
इससेे पहले कुछ दिन पहले ही गोवा से मुंबई जा रहे इंडिगो के एक विमान को बम से उड़ाने की अफवाह फैली थी। इसके बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई, पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसे लेकर मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकाल घोषित कर दिया गया था। हालांकि, सुरक्षा जांच होने पर करीब एक घंटे बाद आपातकाल को वापस लिया गया।
पिछले साल अक्तूबर और नवंबर में कई उड़ानों में बम होने की फर्जी धमकियां मिली थीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही एयरलाइंस को नुकसान हुआ। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में विमानन कंपनियों को 666 फर्जी बम धमकियां मिलीं। जबकि इस साल 14 नवंबर तक ऐसी 999 धमकियों मिल चुकी हैं।
इसके बाद सरकार ने विमान सुरक्षा नियमों में संशोधन किया है। जिसके तहत इस तरह की फर्जी कॉल करने वालों को दंड का सामना करना पड़ सकता है और उनके उड़ान भरने पर भी रोक लगायी जा सकती है। नये नियम के तहत, अपराधियों पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। इसके अलावा नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक को किसी भी व्यक्ति या व्यक्तियों के समूह को विमान में प्रवेश देने से मना करने का अधिकार है।