महाराष्ट्र के पुणे में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां सांगली जिले के पालुस ब्लॉक में भामनाल के पास एक नाव पलट गई है। बताया जा रहा है कि नाव में 27-30 गांववाले सवार थे। अभी तक नौ शवों को बरामद कर लिया गया है। वहीं 16 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। बाकी के बचे हुए लोग लापता है। जिन्हें ढूंढने की कोशिश की जा रही है। यह जानकारी पुणे मंडल के संभागीय आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने दी।
महाराष्ट्र पुलिस के विशेष पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था), मिलिंद भारम्बे ने कहा, 'यह स्थानीय लोगों की एक बचाव नौका थी जो बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। अभी तक नौ शवों की बरामदगी हो चुकी है। 10-12 लोगों के मरने की आशंका है। खोज और बचाव कार्य जारी है।'
महाराष्ट्र इस समय बाढ़ से जूझ रहा है। पिछले हफ्ते यहां 16 लोगों की जान चली गई थी और अबतक 1.32 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं। कोल्हापुर और सांगली जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां सड़के पूरी तरह से कट चुकी हैं। पिछले कुछ दिनों से इन दोनों जिलों में भारी बारिश हुई है।
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, सतारा और कोल्हापुर जिलों के लिए बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बुधवार शाम को सांगली जिले के लिए केवल हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया था।
पुणे मंडल के संभागीय आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने कहा, पश्चिमी महाराष्ट्र के पांच जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 16 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने 1.32 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को प्रभावित जिलों के मंत्रिमंडल और कलेक्टरों के साथ बैठक हुई।