बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के मतदान के दिन मुंबई के अखबारों में अभिनेता आमिर खान की मतदान की अपील करते हुए एक विज्ञापन छपा था जिसको लेकर विवाद पैदा हो गया है। इस विज्ञापन को सामाजिक संस्था मुंबई फर्स्ट ने छपवाया था। कांग्रेस और शिवसेना ने इस संस्था पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया है। कांग्रेस के नेता बुधवार को राज्य चुनाव आयुक्त से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।
दरअसल, राज्य चुनाव आयोग ने मतदान के दिन अखबारों में राजनीतिक दलों द्वारा किसी प्रकार का विज्ञापन प्रकाशित करने पर रोक लगाया था। मंगलवार को मुंबई के सभी अखबारों में दो-दो पेज का विज्ञापन छपा जिसमें अभिनेता आमिर खान लोगों से वोट करने की अपील करते हुए दिखाई दिए।
विवाद इसलिए बढ़ा क्योंकि मुंबई फर्स्ट के इस विज्ञापन की थीम लगभग वैसी ही थी जैसी इस चुनाव के दौरान भाजपा की रही है। इस विज्ञापन में कहा गया था कि मुंबई को साफ सुथरा शहर बनाने, समुद्री किनारों को चमकाने, खराब सड़कें, सिर्फ एक घंटे पानी जैसी समस्याओं को लेकर हमें सिर्फ शिकायत करना काफी नहीं होगा। हमें वोट देने की जिम्मेदारी निभानी होगी।