बीएमसी चुनाव में भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद शिवसेना और मनसे के एक साथ आने के अटकलों के बीच मनसे नेता बाला नंदगावंकर ने आज मातोश्री जाकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। खबरों के मुताबिक राज ठाकरे की पार्टी मनसे, बीएमसी चुनावों में शिवसेना के साथ बिना किसी शर्त के गठबंधन करने को तैयार है और बाला नंदगावंकर, राज ठाकरे के इसी प्रस्ताव को लेकर उद्धव ठाकरे के पास गए थे।
मुलाकात के बाद नांदगांवकर ने कहा, 'हमने शिवसेना से कहा कि हम बिना किसी शर्त के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं। हमारी न तो सीटों के बंटवारें की मांग की है न ही किसी विशिष्ट सीट की चाहत। चूंकि बीएमसी चुनाव मुख्य रुप से भाजपा और शिवसेना के बीच लड़ा जाएगा हम शिवसेना का साथ देने को तैयार हैं।'
नांदगांवकर ने आगे कहा, 'मुकाबला काफी कड़ा रहने की उम्मीद है। ज्यादातर सीटों पर जीत और हार में 50 से 300 वोट के अँतर रहने की उम्मीद है, और शहर के सभी सीटों पर मनसे इतना माद्दा रखती है। ऐसे में हम शिवसेना को समर्थन देने को तैयार हैं, ताकि भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके।'
हालांकि मनसे के इस प्रस्ताव पर अभी शिवसेना की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। लेकिन मनसे नेताओं को शिवसेना की तरफ से जल्द किसी सकारत्मक पहल की उम्मीद है, और सब कुछ ठीक रहा तो मनसे और शिवसेना के बीच जल्द गठबंधन होगा। बता दें कि मनसे ने 2012 के बीएमसी चुनावों में 28 सीटें जीती थीं।