आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में विस्फोट होने की घटना सामने आई है। विशाखापत्तनम पुलिस के अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए हैं। वहीं इनमें से एक की हालत ज्यादा गंभीर है। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है। गौरतलब है कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट को विजाग स्टील प्लांट के नाम से भी जाना जाता है।
सुबह 11 बजे हुआ हादसा
विशाखापत्तनम पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुए विशाखापत्तनम स्टील प्लांट (वीएसपी) के तार टैंक नंबर 11 में रखरखाव के काम के दौरान विस्फोट हो गया। विशाखापत्तनम स्टील प्लांट (वीएसपी) ने भी इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि टैंक अस्थायी रूप से सेवा से बाहर था। जिस समय उसमें विस्फोट हुआ तब कर्मचारी मरम्मत का काम कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि इस हादसे की चपेट में तीन लोग आए हैं। तीन मजदूरों में से एक मजदूर जी नागेश की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल तीनों का इलाज एक कॉर्पोरेट अस्पताल में चल रहा है।
बीते महीने भी हुआ था ऐसा ही हादसा
गौरतलब है कि बीते नवंबर में भी आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के गौरीपट्टनम में एक दवा बनाने वाली यूनिट में विस्फोट हुआ था। उस हादसे में तीन लोगों की मौत भी हो गई थी। हालांकि हादसे में मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया गया था।