कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी अपने चुनावी दौरे पर
कर्नाटक में है। जहां वह आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। रविवार को भी उन्होंने कर्नाटक के कई हिस्सों का दौरा किया। इस दौरान राहुल गांधी को कर्नाटक के सिंधानुर में काले झंडे दिखाए गए। हालांकि इस बारे में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है। बता दें कि जब वह बस से सिंधानुर पहुंचे तो कुछ लोगों ने उनकी बस को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान मंदिरों में जाना शुरू किया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अब कर्नाटक में भी यही सिलसिला शुरू कर दिया है।
राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी सिलसिले में चार दिन के दौरे पर पहुंचे राहुल ने पहले दिन कोप्पल जिले में स्थित देवी हुलीगम्मा मंदिर पहुंचे। इस इलाके में यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है। इसके बाद वह गवी सिद्धेश्वर मठ गए।
यह लिंगायत समुदाय का प्रसिद्ध स्थल है। मंदिर और मठ में मौजूद लोगों से भी राहुल ने मुलाकात की और उनसे बातचीत की। रास्ते में वह कई जगहों पर रुके और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उनके साथ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष जी परमेश्वर और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री डीके शिवकुमार भी थे।
भाजपा से लोकसभा सांसद शोभा करंदलाजे ने मंदिर और मठ जाने को लेकर राहुल पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्वीट किया कि चुनावी हिंदू राहुल गांधी कर्नाटक में भी मंदिर और मठ जा रहे हैं। उन्हें अपनी सच्ची आस्था का खुलासा करना चाहिए। मंदिरों की यात्रा की नौटंकी से हिंदुओं को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता है। राज्य की सत्ता में काबिज कांग्रेस सरकार पूरी तरह से हिंदू विरोधी है।