दो पायलटों सहित गायब हुए वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान का ब्लैक बॉक्स अरुणाचल प्रदेश के घने जंगल से बरामद कर लिया गया। इस जंगल में दो दिन पहले विमान का मलबा देखा गया था। हालांकि विमान के पायलटों के बारे में अब तक पता नहीं चल पाया है।
भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर अनुपम बनर्जी ने दिल्ली में कहा कि एक जमीनी तलाश और बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुका है और विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि तलाश और बचाव अभियान अभी जारी है। गायब पायलटों की पहचान उजागर नहीं की गई है।
मंगलवार को एक अभ्यास प्रशिक्षण के तहत तेजपुर एयर फोर्स स्टेशन से उड़ान भरने के फौरन बाद यह लड़ाकू विमान गायब हो गया था। शुक्रवार को तेजपुर एयरबेस से 60 किमी की दूरी पर इसका मलबा देखा गया था। भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना की जांच का आदेश पहले ही दे दिया है।