मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के साथ शनिवार को आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक का नजारा एकदम अलग था। पार्टी के नेताओं ने अपने ही सरकार की पोल खोलकर रख दी। कहा कि सरकार की योजनाएं हकीकत से कोसों दूर हैं। मंत्री ने सवाल पूछने वालों को नसीहत दी और कहा कि तथ्यहीन कोई बात नहीं होनी चाहिए। वही बात रखी जानी चाहिए जिसका प्रमाण हो। यदि तथ्य होंगे तो उसकी जांच कराऊंगी और दोषी पर कार्रवाई होगी।
स्मृति ईरानी शनिवार को भी शहर में थी। सुबह दस बजे जीडीए के पीछे एक विद्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में जिले भर से आए कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक की शुरुआत विद्यालय के स्टाफ द्वारा की गई तो शोर शुरू हो गया। यह देख क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवकुमार पाठक ने खुद माइक संभाला। कहा कि संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के दो लोग सरकार के कार्यों के बारे में बताएं।
इस पर खजनी ब्लाक के एक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना पर सवाल खड़ा कर दिया। कहा कि इस योजना का लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा है। 50 हजार का लोन दो किस्तों में दिया जा रहा है। इसे बिना किसी गारंटी के दिया जाना है जबकि बैँक वाले 100 रुपये के स्टैंप पर लिखवा रहे हैं। पहल योजना के तहत जितने लोगों को गैस कनेक्शन दिया गया, उनसे निर्धारित से बहुत अधिक रकम ली गई।