युवा वोटरों को रिझाने के लिए और सभी 230 सीटों पर युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रदेश भाजपा 28 अक्टूबर को 'युवा टाउनहॉल' आयोजित करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में हुई भाजपा युवा मोर्चा की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि युवा टाउनहॉल के आयोजन से विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रदेश के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पार्टी के लिए युवा नेता हनुमान की तरह है क्योंकि जब तक लक्ष्य नहीं प्राप्त हो जाता ये नहीं रुकते। प्रधान ने कहा कि युवा और किशोर मतदाताओं से जुड़कर आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के जीत का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जैसे वरिष्ठ नेताओं का उदाहरण देते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि शायद मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां युवा मोर्चा से अपना सफर शुरू करने वाले नेता आज पार्टी के शीर्ष पर हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में पहली बार मतदान करने वाले 60 लाख युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगे। राज्य में 27 वर्ष के कम उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 20 लाख है। इस वजह से भाजपा युवा मोर्चा की इन चुनावों में भूमिका अहम है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में 10 लाख युवा मतदाताओं को इस टाउनहॉल के दौरान संबोधित करेंगे। इसका प्रसारण सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। सभी क्षेत्रों के युवा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडेय ने बताया कि युवा टाउनहॉल का कार्यक्रम पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित किया जाएगा।