मणिपुर में सत्ता की प्रबल दावेदार समझी जा रही भाजपा इस बार कांग्रेस को हटा कर राज्य में एक साफ-सुथरी और भ्रष्टाचारमुक्त सरकार के गठन के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश भाजपा के महासचिव टी. विश्वजीत ने शनिवार को यहां पत्रकारों से यह बात कही। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अलावा कोई भी दूसरी राजनीतिक पार्टी मणिपुर में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम नहीं है।
भाजपा के यहां इकलौते विधायक विश्वजीत ने कहा कि कांग्रेस को हरा कर एक स्वच्छ और पारदर्शी सरकार बनाना ही भाजपा का प्राथमिक मकसद है। राज्य में हाल ही में सात नए जिलों के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को सरकार की ओर से जनहित में किए गए फैसलों पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन इस फैसले से पहले तमाम संबंधित पक्षों में आम राय बनाना जरूरी था, ताकि आम लोगों को कोई दिक्कत न हो।