भाजपा ने मार्च में होने वाले मणिपुर विधानसभा चुनावों में अकेले मैदान में उतरने का फैसला किया है। वह राज्य की सभी 60 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी। वैसे, बीते साल असम विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस को शिकस्त देने के लिए पार्टी ने क्षेत्रीय दलों के साथ गठजोड़ किया था।
लेकिन इस बार अपनी रणनीति बदलते हुए अपने ही बूते पर मैदान में उतरने का फैसला किया है।
भाजपा के मणिपुर प्रभारी प्रह्लाद सिंह पटेल ने बताया कि पार्टी सभी 60 सीटों पर अकेले ही अपने बूते पर ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का भी भरोसा जताया। वैसे, भाजपा पड़ोसी नगालैंड में सत्तारूढ़ नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) की साझीदार है।