पीएम के आदर्श गांव जयापुर के प्रधान नारायण पटेल की गिरफ्तारी को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। रविवार को भाजपा का एक जांच दल जयापुर पहुंचा और प्रधान के परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
परिवार के लोगों ने बताया कि प्रधान को सियासी साजिश के तहत फंसाया गया है। मारपीट की जिस घटना में उन्हें आरोपित कर जेल भेजा गया, उस घटना में वह शामिल ही नहीं थे। जांच दल में महापौर रामगोपाल मोहले और भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के अलावा अपना दल के राष्ट्रीय महासचिव नीलरतन पटेल नीलू भी शामिल रहे। इनके अलावा भाजपा के कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर वह जयापुर गए।
उन्होंने घटना के बाबत प्रधान के परिवार से बात की है। इस पूरी घटना के पीछे साजिश की बू आ रही है। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को भेज देंगे। साथ ही भाजपा नेताओं का दल एसएसपी आकाश कुलहरि से भी मिलकर पूरे मामले की नए सिरे से जांच कराने की मांग करेगा।
हंसराज ने कहा कि यह सच है कि गांव में मारपीट की घटना हुई है मगर न तो उस समय वहां ग्राम प्रधान थे और न ही उनका बेटा और भतीजा। पुलिस ने बिना विवेचना किए ही पूरे परिवार को आरोपित कर दिया। इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। यह सब कुछ एक साजिश के तहत हुआ है। पूरी वस्तुस्थिति से सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को अवगत करा दिया जाएगा।