प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तीखे बयानों के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणियों को शर्मनाक बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेता और उनकी पार्टी तब तक आरोपों की राजनीति से बाज नहीं आएंगे, जब तक कि वे सौ हार का आंकड़ा पार न कर लें।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा देश की जनता राहुल गांधी की विभाजनकारी राजनीति को अब तक 95 चुनावों में खारिज कर चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के नेता द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा वाकई शर्मनाक थी।
राहुल पर भाजपा का पलटवार
बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा 'नरेंद्र मोदी किसी के द्वारा नियंत्रित नहीं हैं, बल्कि वह प्रतिबद्ध हैं। इसीलिए राहुल गांधी भ्रमित हैं।' उन्होंने याद दिलाया कि देश के मतदाताओं ने बार-बार मोदी के अथक प्रयासों और विकास नीतियों को मान्यता देते हुए जनादेश दिया है, जिससे मोदी सरकार में उनके गहरे विश्वास का पता चलता है।
बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा 'मैं राहुल गांधी से कहना चाहूंगी, आप आरोपों की राजनीति करते रहिए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिणामों पर केंद्रित राष्ट्रीय नीति पर आगे बढ़ते रहेंगे। आप सुर्खियां बटोरते रहें, मोदी देश के लिए काम करते रहेंगे।'
'सौवीं हार' तक जारी रहेगी राजनीति?
भाजपा सांसद ने दोहराया कि देश की जनता ने गांधी की विभाजनकारी राजनीति को 95 चुनावों में अस्वीकार किया है। उन्होंने कहा मुझे लगता है कि राहुल गांधी और कांग्रेस तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि वे (चुनाव हारने की) सेंचुरी (सौवीं हार) नहीं बना लेते।
क्या कहा था राहुल गांधी ने?
पश्चिम बंगाल में एक चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का नियंत्रण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में है और भारत के कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। राहुल गांधी ने यहां तक कहा कि पीएम मोदी देशभक्त नहीं, देशद्रोही हैं।