आंधप्रदेश सरकार के द्वारा राज्य में सीबीआई को इजाजत के बिना प्रवेश करने से रोकने संबंधी निर्देश जारी करने का मामला गरमा गया है। भाजपा ने इसे 'भ्रष्ट' लोगों के द्वारा खुद को बचाने की कोशिश बताया है। पार्टी ने कहा कि इस तरह भारत में कोई भी भ्रष्टाचारी खुद को बचाने में सफल नहीं हो सकता क्योंकि इस देश में संविधान का पालन होता है।
भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने एक प्रेस कांफ्रेंस में शुक्रवार को कहा कि इस देश में एक नए तरह का गठबंधन बनाया जा रहा है। यह भृष्टाचारियों का गठबंधन है जो चंद्रबाबू नायडू, ममता बनर्जी और राहुल गांधी जैसे उन लोगों के द्वारा बनाया गया है जो खुद किसी न किसी बड़े घोटाले, भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और उनकी जांच सीबीआई के द्वारा की जा रही है।
राव के मुताबिक सीबीआई में इस समय चल रहे कुछ तनाव का लाभ लेते हुए जिस तरह से नायडू ने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी पर सवाल उठाने की कोशिश की है वह बेहद निंदनीय है। भाजपा नेता ने कहा कि उनकी यह कोशिश कभी सफल नहीं होगी, लेकिन फिर भी यह लोकतांत्रिक देश की स्वतंत्र जांच एजेंसी को कटघरे में खड़े करने का मामला है जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सीबीआई ने हाल ही में आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के करीबी कुछ शीर्ष लोगों पर शिकंजा कसा था और छापेमारी की थी। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था।