भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा
- फोटो : ANI
दिल्ली में प्रदूषण के गहरे संकट के बीच चीन ने सुझाया है कि उसने किस तरह विभिन्न उपाय करके अपने यहां इस समस्या पर काबू पाया है। यदि दिल्ली भी उसी तरह के कारगर उपाय करे तो राजधानी भी प्रदूषण की समस्या से मुक्त हो सकती है। चीन के इस सुझाव पर दिल्ली में घमासान शुरू हो गया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार ने सही उपाय नहीं किए जिसके कारण यहां प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है। लेकिन भाजपा ने कहा है कि यदि अरविंद केजरीवाल समय रहते उपाय करते तो आज यह समस्या न होती।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल स्वयं यह मान रहे हैं कि चीन ने ठोस कदम उठाकर प्रदूषण से मुक्ति पाई है। लेकिन यह उपलब्धि एक दिन में नहीं हासिल हुई है। बल्कि इस उपलब्धि तक पहुंचने में चीन को कई साल लगे हैं। बीजिंग में 15 साल पहले प्रदूषण की स्थिति गंभीर थी। लेकिन अब वहां बेहतर वातावरण है। दिल्ली में केजरीवाल ने 11 से अधिक साल तक शासन किया। यदि उन्होंने भी चीन की तरह समय रहते कदम उठाया होता तो आज दिल्ली प्रदूषण से मुक्त हो गई होती।
भाजपा नेता ने कहा है कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को कम करने के लिए पर्याप्त कदम उठा रही है और आने वाले समय में इसका असर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जब सत्ता में थे तब भी झूठ एवं भ्रम की राजनीति करते थे, और आज जब विपक्ष में हैं तो भी प्रदूषण को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा ने क्या यही वादा किया था- देवेंद्र यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदूषण जैसे गंभीर विषय पर भी आम आदमी पार्टी और भाजपा आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अब कह रही है कि प्रदूषण की समस्या को दूर होने में लंबा समय लगेगा, लेकिन उसने चुनावों के दौरान इस तरह की कोई बात नहीं कही थी। क्या भाजपा ने चुनाव से पहले घोषणा पत्र में यह कहा था कि हम प्रदूषण कई वर्षों में कम करने की कोशिश करेंगे? उन्होंने कहा कि सरकार को इस समस्या को समाप्त करने के लिए तत्काल ठोस उपाय अपनाने चाहिए।