भाजपा ने अयोध्या मामले पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर नेशनल हेराल्ड में प्रकाशित हुए एक लेख को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, 'अखबार कहता है कि सुप्रीम कोर्ट ने वही फैसला दिया, जैसा विश्व हिंदू परिषद और भाजपा चाहती थी। यहां तक कि मूर्तियों को रखना और मस्जिद का गिराना गैरकानूनी था।' यह लेख आकार पटेल का है।
पात्रा ने कांग्रेस से माफी की मांग करते हुए कहा कि अखबार कहता है कि इस फैसले के परिणाम भविष्य में देखने को मिलेंगे, भले ही फिलहाल शांति हो। उन्होंने कहा कि ऐसा लिखना सीधे तौर पर भारत को धमकी है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दोनों समुदायों ने इस फैसले का समर्थन किया है, लेकिन कुछ लोग इस शांति और सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। यह धिक्कार योग्य है। नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड करती है और इसका प्रबंधन कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण करते हैं। इस लेख को इसकी वेबसाइट से अब हटा लिया गया है। हालांकि अखबार ने भाजपा की आलोचना पर प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की। मगर अखबार ने इसके लिए ट्विटर पर माफी भी मांगी है।