पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता का आभार- नितिन नवीन
इस बीच भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट किया है। पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता को इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद, आभार एवं अभिनंदन। चैतन्य महाप्रभु , स्वामी विवेकानंद और हमारे पथप्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की यह पावन धरा अब शांति, समृद्धि और सुशासन के एक नए युग की साक्षी बनेगी। यह विजय पश्चिम बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 'सोनार बांग्ला' के संकल्प को साकार करने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं। आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बंगाल का निर्माण करें।
बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक महाविजय- जेपी नड्डा
वहीं पूर्व भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता के विश्वास और बदलाव की जीत बताया है। जेपी नड्डा ने कहा कि यह परिणाम भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण है। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में मिली यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश राज्य में बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। लोगों ने विकास और सुशासन के पक्ष में मजबूत फैसला लिया है। जेपी नड्डा ने इस जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही पश्चिम बंगाल की जनता का आभार भी व्यक्त किया गया।